पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव : पहले चरण में 152 सीटों के लिए मतदान जारी, 1,478 प्रत्याशी आजमा रहे अपनी किस्मत
संवेदनशील इलाकों में केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की सघन तैनाती
बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 152 सीटों पर सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान जारी। 16 जिलों में 44,378 केंद्रों पर वोटिंग हो रही है। 3.60 करोड़ मतदाता 1,478 प्रत्याशियों की किस्मत तय करेंगे। नंदीग्राम समेत कई सीटों पर कड़ा मुकाबला। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, परिणाम 4 मई को आएंगे।
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 152 सीटों के लिए सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया और शाम 6 बजे तक चलेगा। राज्य में पहले चरण में होने वाले मतदान के लिए 16 जिलों की 152 सीटों के लिए 44,378 मतदान केन्द्र बनाये गये है। इन सभी मतदान केन्द्रों पर सुबह से मतदाता अपने मताधिकार को इस्तेमाल करने के लिए पहुंच रहे हैं। इस चरण में मतदान में उत्तर बंगाल के 8, दक्षिण बंगाल के 3 और जंगलमहल अंचल के 5 जिलों के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इन जिलों में पुरुलिया, बांकुरा, झाड़ग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर, पूर्व मेदिनीपुर और दक्षिण 24 परगना शामिल हैं। इसके अलावा कोलकाता और हावड़ा की कुछ सीटों पर भी इसी चरण में मतदान होगा। पहले चरण के मतदान पर जिन सीटों पर कड़ा मुकाबला माना जा रहा है, उनमें नंदीग्राम, खड़गपुर, पुरुलिया, बांकुरा और झारग्राम सीटों शामिल हैं। राज्य में दूसरे चरण का चुनाव 29 अप्रैल को होगा, जिसमें 142 सीटों पर मतदान कराया जायेगा।
चुनाव आयोग ने राज्य में चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किये हैं और संवेदनशील इलाकों में केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की सघन तैनाती की गयी है। पहले चरण में कुल 1,478 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस चरण में मतदाताओं की कुल संख्या 3.60 करोड से अधिक है, जिनमें 1.84 करोड़ पुरुष, 1.74 करोड़ महिलाएं और 465 उभयलिंगी शामिल हैं। पश्चिम बंगाल में कुल 6.44 करोड़ मतदाता हैं। राज्य में मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच है तथा कांग्रेस और वामपंथी दल भी पुरजोर से अपनी ताकत आजमा रहे हैं। मतगणना 4 मई को होगी और उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किये जायेंगे।
11.00 बजे तक 41.11 प्रतिशत लोगों ने डाला वोट
पहले चरण के मतदान में पूर्वाह्न 11 बजे तक 41.11 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर लिया। राज्य के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में शुरुआती दो घंटों में सुबह नौ बजे तक सबसे अधिक 20.51 प्रतिशत और मालदा जिले में सबसे कम 16.96 प्रतिशत मतदान हुआ। राज्य में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं। इनमें से पहले चरण में गुरुवार को 152 सीटों पर मतदान चल रहा है। सभी मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही मतदाता कतार में देखे गये।
9 बजे तक 20.51 प्रतिशत मतदान
पहले चरण के मतदान के शुरुआती दो घंटों में (9 बजे तक) 18.76 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। राज्य के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में शुरूआती दो घंटों में सबसे अधिक 20.51 प्रतिशत और मालदा जिला में सबसे कम 16.96 प्रतिशत मतदान हुआ। धीरे-धीरे मतदान प्रतिशत बढ़ने का अनुमान है।
मोदी ने की लोगों से बड़ी संख्या में बाहर निकलकर मतदान करने की अपील
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के पहले चरण में मतदान शुरू होने के बाद सोशल मीडिया पर नागरिकों से बड़ी संख्या में बाहर निकलकर मतदान करने की अपील की। मोदी ने बंगाल पर केंद्रित अपने संदेश में लिखा, आज पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों का पहला चरण हो रहा है। मैं सभी नागरिकों से आग्रह करता हूं कि वे पूरी ताकत के साथ लोकतंत्र के इस उत्सव में भाग लें। मैं विशेष रूप से अपने युवा दोस्तों और पश्चिम बंगाल की महिलाओं से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील करता हूं।
आपका वोट ही आपकी आवाज : खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पश्चिम बंगाल के मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आज की लड़ाई नागरिकों के अधिकारों को सुरक्षित करने और संघीय ढांचे, समानता, न्याय, स्वतंत्रता तथा तर्कशीलता की रक्षा के लिए है। खड़गे ने बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के अवसर पर सभी नागरिकों से मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के डर या दबाव से प्रभावित हुए बिना मतदान करें, क्योंकि आपका वोट ही आपकी आवाज है। खड़गे ने संविधान के मार्ग पर चलते हुए लोकतंत्र की भावना को बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल महान नेताओं की भूमि रही है, जिन्होंने लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और समानता के लिए संघर्ष किया और इन आदर्शों को बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से खास तौर पर अपील करते हुए कहा कि वे अपने मताधिकार का इस्तेमाल पूरे विश्वास के साथ करें, ताकि राज्य के हर कोने तक वास्तविक विकास पहुंच सके। ग़ौरतलब है कि तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है।

Comment List