उत्तराखंड के टिहरी में रिहायशी इलाके में घुसा जंगली हाथी : चहारदीवारी को मलबे में किया तब्दील, खेतों में फसलों को भी रौंदा
लहसुन की तैयार फसल पूरी तरह बर्बाद
टिहरी के ढालवाला में मंगलवार तड़के जंगली हाथी के घुसने से हड़कंप मच गया। वार्ड 10 में पहुंचे हाथी ने खेतों में बरसीन, चरी, प्याज-लहसुन की फसल रौंद दी और कई दीवारें तोड़ दीं। गनीमत रही, जनहानि नहीं हुई। ग्रामीणों ने मुआवजा, गश्त बढ़ाने और मजबूत फेंसिंग की मांग की है।
टिहरी। उत्तराखंड में टिहरी जनपद के ढालवाला क्षेत्र में मंगलवार को रिहायशी इलाके में घुसे एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया, जिससे स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई। हाथी ने कई घरों की चहारदीवारी को मलबे में तब्दील कर दिया। हालांकि गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार आज तड़के करीब तीन बजे जंगल से निकलकर एक विशालकाय हाथी वार्ड नंबर 10 में दाखिल हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाथी ने सबसे पहले वीरेंद्र थलवाल के खेतों का रुख किया, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हाथी ने खेतों में लगी फसलों को बुरी तरह रौंद दिया।
वीरेंद्र थलवाल के खेत में लगी बरसीन, चरी (पशु चारा), प्याज और लहसुन की तैयार फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई। साथ ही हाथी ने सुरक्षा के लिए बनाई गई पक्की दीवारों को भी ढहा दिया। घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय निवासियों और वीरेंद्र थलवाल ने वन विभाग से तत्काल मौके का मुआयना कर उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है। स्थानीय निवासी सत्यपाल थलवाल और यशपाल थलवाल ने वन विभाग से रात के समय गश्त बढ़ाने तथा आबादी क्षेत्र और जंगल के बीच मजबूत फेंसिंग लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Comment List