योगी का कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर हमला, बोले- लोकतंत्र को अराजकता और अस्थिरता की आग में झोंकने का हो रहा प्रयास
गाजियाबाद में पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे मुख्यमंत्री
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता लगातार उन्हें नकार रही है, इसके बावजूद विपक्षी दल भारत के महान लोकतंत्र को अराजकता, अस्थिरता और अव्यवस्था की आग में झोंकने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को कहा कि लोकतंत्र जनता के विश्वास, संवैधानिक मर्यादाओं और जनादेश के सम्मान पर आधारित देश की राष्ट्रीय शक्ति है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का विश्वास और उसकी सक्रिय भागीदारी ही सबसे बड़ी ताकत है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा, संवैधानिक मर्यादाओं के सम्मान और जनादेश की सर्वोच्चता का संदेश लेकर वह आज गाजियाबाद में आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और देश के लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और उसका इंडी गठबंधन जनता के बीच लगातार नकारे जा रहे हैं। इसके बावजूद उनके कृत्य लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक मर्यादाओं के प्रति उनकी सोच को उजागर करते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकतंत्र की सर्वोच्चता जनता के जनादेश में निहित है और इसका सम्मान हर राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं।

Comment List