‘समुक’ से विपुल अमृतलाल शाह और अक्षय कुमार रचेंगे इतिहास, भारत की पहली प्रीडेटर-एलियन थ्रिलर बनेगी इंटरनेशनल स्केल पर
फिल्म सिनेमा के सारे स्थापित नियमों को तोड़ देगी
विपुल अमृतलाल शाह ने खुलासा किया कि ‘समुक’ भारत की पहली प्रीडेटर-एलियन थ्रिलर होगी, अक्षय कुमार मुख्य भूमिका निभाएंगे। फिल्म हॉलीवुड तकनीशियनों के साथ इंटरनेशनल स्केल पर बन रही।
मुंबई। बॉलीवुड फिल्मकार विपुल अमृतलाल शाह का कहना है कि ‘समुक’ एक ऐसी फिल्म है, जो सिनेमा के सारे स्थापित नियमों को तोड़ देगी। बॉक्स ऑफिस पर ‘द केरल स्टोरी’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में देने वाले निडर प्रोड्यूसर-डायरेक्टर विपुल अमृतलाल शाह एक बार फिर इंडियन सिनेमा का चेहरा बदलने आ रहे हैं। लीग से हटकर सोचने वाले विपुल शाह अब अक्षय कुमार के साथ मिलकर भारत की पहली प्रीडेटर-एलियन थ्रिलर फिल्म ‘समुक’ लेकर आ रहे हैं। फिल्म को लेकर सस्पेंस बरकरार है, लेकिन मेकर्स ने इसके स्केल को लेकर जो खुलासे किए हैं, उसने फैंस के होश उड़ा दिए हैं।
अपनी मोस्ट-अवेटेड फिल्म ‘गवर्नर’ के ग्रैंड ट्रेलर लॉन्च पर विपुल शाह ने ‘समुक’ पर से पर्दा उठाते हुए कहा- ‘समुक’ एक ऐसी फिल्म है, जो सिनेमा के सारे स्थापित नियमों को तोड़ देगी। इंडिया में आज तक ऐसी प्रीडेटर-एलियन थ्रिलर फिल्म नहीं बनी है। इस मेगा-प्रोजेक्ट के लिए हमने हॉलीवुड के सबसे बड़े दिग्गजों से साथ हाथ मिलाया है। हॉलीवुड की हर प्रीडेटर फिल्म का हिस्सा रहे एलेक गिलिस हमारे एलियन क्रिएचर को डिजाइन कर रहे हैं, जबकि ‘वेनम’ जैसी सुपरहिट फिल्म देने वाले एक्टर-डायरेक्टर ल्यूक एक्शन सीन्स को डायरेक्ट करेंगे।
अक्षय कुमार के साथ अपनी बॉन्डि़ंग पर बात करते हुए उन्होंने आगे कहा- अक्षय और मैंने हमेशा नए जॉनर में हाथ आजमाया है, लेकिन यह फिल्म बेहद अनोखी है। इसे इतने बड़े इंटरनेशनल स्केल पर बनाया जा रहा है, जो भारतीय दर्शकों के लिए एकदम नया होगा। हमारी टीम की शर्त थी कि जब तक हमें वो परफेक्ट इंटरनेशनल स्केल नहीं मिलता, हम शूटिंग शुरू नहीं करेंगे। डायरेक्टर कनिष्क वर्मा ने हॉलीवुड टेक्नीशियनों के साथ मिलकर इस क्रिएचर को परफेक्ट बनाने के लिए खून-पसीना बहाया है और अब हम स्क्रीन पर तहलका मचाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
वहीं दूसरी तरफ, विपुल अमृतलाल शाह के प्रोडक्शन में बनी फिल्म ‘गवर्नर’ के ट्रेलर ने आते ही इंटरनेट पर धूम मचा दी है। फिल्म 1990 के दशक में भारत के सबसे बड़े आर्थिक संकट की सच्ची और झकझोर देने वाली कहानी को बड़े पर्दे पर ला रही है। ट्रेलर में नेशनल अवॉर्ड विनर मनोज बाजपेयी का बतौर ‘गवर्नर’ एक ऐसा कड़क और दमदार अवतार देखने को मिल रहा है, जिसने दर्शकों के रोंगटे खड़े कर दिए हैं।
सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले बनी इस फिल्म को चिन्मय मांडलेकर ने डायरेक्ट किया है, जबकि इसके को-प्रोड्यूसर आशिन ए. शाह हैं। दमदार डायलॉग्स से सजी इस फिल्म की स्क्रिप्ट सुवेंदु भट्टाचार्य, सौरभ भारत, रवि असरानी और खुद विपुल शाह ने मिलकर तैयार की है। सोने पर सुहागा यह है कि फिल्म के गाने महान गीतकार जावेद अख्तर ने लिखे हैं और संगीत अमित त्रिवेदी का है। यह धमाकेदार फिल्म 12 जून 2026 को थिएटर्स में रिलीज होने के लिए तैयार है।

Comment List