ब्रह्मतीर्थ पुष्कर का है पौराणिक एवं ऐतिहासिक महत्त्व
धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्ता
प्राचीन पद्मपुराण में वर्णित श्लोक- ‘यथामहोदधेस्तुल्यो न चान्योऽस्ति जलाशयः। तथावैपुष्करस्यापि समं तीर्थं न विद्यते।।’ का अर्थ है कि ‘जैसे समुद्र के समान कोई जलाशय नहीं है, वैसे ही पुष्करराज के समान कोई तीर्थ नहीं है।’ देवीपुराण में पुष्कर को नौ पवित्र अरण्यों में से एक बताया गया है। प्रतिवर्ष कार्तिक माह की शुक्ल पक्ष प्रतिपदा से पूर्णिमा तक तीर्थराज पुष्कर में वैश्विक मेले का आयोजन होता है। मान्यता है कि इन पांच दिनों में स्वयं ब्रह्माजी तैंतीस करोड़ देवी-देवताओं के साथ पुष्कर में ही उपस्थित रहते हैं, इसलिए इन दिनों में पुष्कर सरोवर में स्नान से अक्षय फल की प्राप्ति होती है। पद्मपुराण के सृष्टिखंड में वर्णित कथा के अनुसार, देव ब्रह्मा ने अपने प्रिय पुष्प कमल का प्रहार कर वज्रनाभ नाम के अत्यंत क्रूर राक्षस को मार दिया।
तब उस कमल की पंखुड़ियां जिन तीन स्थानों पर गिरीं, वहीं पर जलधारा फूट पड़ी। कालांतर में ये ही तीन स्थान ज्येष्ठ पुष्कर, मध्य पुष्कर और कनिष्ठ पुष्कर के नाम से विख्यात हुए। ज्येष्ठ पुष्कर के देवता ब्रह्मा हैं। यही मुख्य सरोवर है, जिसे हम ब्रह्म पुष्कर कहते हैं। मध्य के देवता विष्णु हैं। संभवतः इसे भी मुख्य पुष्कर में मान लिया गया है और कनिष्ठ पुष्कर के देवता हैं शिव या रुद्र। इसे हम बूढ़ा पुष्कर या बुद्ध पुष्कर के नाम से जानते हैं। मान्यता भी है कि यज्ञ के समय पत्नी सावित्री के उपलब्ध न होने पर ब्रह्मा ने अन्य कन्या को गौमाता के सान्निध्य से पवित्र करके यज्ञ में अपने साथ बिठाया था। यह देखकर सावित्री रुष्ट हो गईं और ब्रह्माजी को श्राप दिया कि पुष्कर के अतिरिक्त और कहीं भी उनकी पूजा नहीं होगी। इसीलिए विश्वभर में एकमात्र ब्रह्मा मंदिर पुष्कर में ही है। वाल्मीकि रामायण के अनुसार, यहीं ऋषि विश्वामित्र ने अयोध्या के राजा त्रिशंकु को सदेह स्वर्ग भेजने के लिए घोर तपस्या की थी तथा यहीं ऋचीक मुनि के पुत्र बालक शुनःशेप को गुप्त मंत्र देकर यज्ञ बलि से उनके प्राणों की रक्षा की। भगवान राम ने अपने पिता दशरथ का श्राद्ध भी मध्य पुष्कर के निकट गया कुंड में ही किया था।
महाभारत के अनुसार, पांडवों ने वनवास काल के कुछ दिन यहीं बिताए थे। उन्हीं के नाम से पंचकुंड स्थान प्रसिद्ध है। सुभद्रा हरण के समय अर्जुन ने भी कुछ समय पुष्कर में ही विश्राम किया। अगस्त्य, भर्तृहरि जैसे ऋषियों की तपोस्थली गुफाएं नाग पहाड़ पर आज भी स्थित हैं। महाभारत के ही वनपर्व के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने भी पुष्कर में दीर्घकाल तक तपस्या की थी। इसी पुष्कर को वेदमाता गायत्री की जन्मभूमि भी माना जाता है। यहीं देवी सती के देशभर में स्थित 52 शक्तिपीठों में से एक 27वीं ‘मणिबंध या मणिवेदिका शक्तिपीठ’ भी विराजित है। इसे श्री राजराजेश्वरी पुरुहूता पीठ और गायत्री शक्तिपीठ मंदिर के नाम से भी जाना जाता है। यहां कलाई का एक भाग पिंडीरूप में और दूसरा भाग मां के साक्षात स्वरूप में विराजमान है। भगवान बुद्ध अपने भ्रमणकाल के दौरान पुष्कर तीर्थ भी आए थे और यहां उन्होंने कुछ ब्राह्मणों को बौद्ध धर्म की दीक्षा दी थी। इसी के परिणामस्वरूप बौद्धों की एक नई शाखा ‘पौष्करायिणी’ स्थापित हुई।
कभी यहां मेड़ (मेर) जाति के आदिवासी निवास करते थे। इन्हीं के कारण यह क्षेत्र मेरवाड़ा कहलाता था। 1509 ई. में गुरु नानक भी अपने जन्मदिवस कार्तिक पूर्णिमा पर पुष्कर स्नान के लिए आए थे और 1706 ई. में गुरु गोबिंद सिंह भी आए थे। अप्रैल 1891 में स्वामी विवेकानंद भी आए। मालवा राज्य की दार्शनिक साम्राज्ञी अहिल्याबाई होल्कर ने पवित्र सरोवर पर वराह घाट के निकट होल्कर घाट का निर्माण भी करवाया था। इसे अहिल्या घाट या इंदौर घाट भी कहते हैं। इस घाट के साथ उन्होंने धर्मशाला और अन्नक्षेत्र का निर्माण भी करवाया था। महर्षि दयानंद सरस्वती 1866 से 1883 के मध्य तीन बार यहां आए थे। कहते हैं कि उन्होंने ब्रह्मा मंदिर परिसर में रहकर वेदभाष्य का एक बड़ा भाग लिखा था।
उमेश कुमार चौरसिया साहित्यकार एवं संस्कृति चिंतक
ये लेखक के अपने विचार हैं।

Comment List