जयपुरः यादों का शहर जो अगले वर्ष अपनी स्थापना के 300 वर्ष पूरे करने जा रहा

दर्शक भी उनको भगतण जी महाराज कहकर आदरपूर्वक संबोधित करते थे

जयपुरः यादों का शहर जो अगले वर्ष अपनी स्थापना के 300 वर्ष पूरे करने जा रहा
जयपुर को महाराजा जयसिंह ने इस तरह बसाया कि पूर्व से पश्चिम तक तीन चौपड़ के अगल-बगल में उत्तर और दक्षिण में दोनों तरफ मुख्य बाजारों और उनसे जुड़ी हुई गलियों में सारा शहर समा गया है।

जयपुर को महाराजा जयसिंह ने इस तरह बसाया कि पूर्व से पश्चिम तक तीन चौपड़ के अगल-बगल में उत्तर और दक्षिण में दोनों तरफ मुख्य बाजारों और उनसे जुड़ी हुई गलियों में सारा शहर समा गया है। किसी भी गली से निकलकर राहगीर मुख्य सड़क पर बिना रोक-टोक के पहुंच सकता है। पुराने जयपुर का मुकाबला आज के जयपुर से करें तो जिन्होंने पुराना जयपुर देखा है, वे अतीत में खो जाएंगे। राजाओं की सवारियां, औरतों की गीत-गालियां, हजारों की तादाद में लोगों के जीमन के अहेड़े, फुर्सत के वक्त के ताश, चौपड़, शतरंज और सोलह कांटी के खेल, मेले-तमाशे, पतंगबाजी, ब्याह-शादियों के कई दिन तक चलने वाले नजारे, आपस में मीठे ताल्लुकात, भाईचारे, सस्ते खानपान, लिबास और सादे रहन-सहन के चर्चे लोगों के कलेजे नोच लेते हैं। नई आबोहवा, लोगों के कारोबार की व्यस्तता, बातचीत की बेरुखी और औपचारिकता, औरतों की बेपर्दगी और युवा लोगों की नई जीवनशैली पुराने लोगों को रास नहीं आती। लिबास मर्दों के लिए धोती, कुर्ता, अचकन और पगड़ी तथा स्त्रियों के लिए घाघरा और ओढ़नी होता था। घाघरा बहुत भारी होता था। लहंगा बहुत बाद में प्रचलित हुआ।

स्त्रियां चांदी के भारी जेवर, हंसली, बोरला, झुमके, कड़े और जोड़ पहनती थीं। भिन्न-भिन्न जातियों की भिन्न-भिन्न प्रकार की ओढ़नियां होती थीं। इसी प्रकार मर्दों की पगड़ियों के आकार-प्रकार और रंग-रोगन भिन्न प्रकार के होते थे, जिनसे उनकी जाति विशेष की जानकारी हो जाती थी। औरतों को आज की तरह आजादी नहीं थी। वे घर की चारदीवारी में ही खाना बनातीं और बच्चे पालती थीं। परिवार के सारे लोगों को खाना खिलाकर ही घर की वधुएं खाना खा सकती थीं, चाहे कोई चीज उनके लिए बचे या न बचे। खाना चौके में बैठकर ही खाया जाता था। प्याज, लहसुन और टमाटर से सख्त परहेज होता था। चूल्हे पर खाना बनाया जाता था। रसोइयों में धुएं की कालिख जमा रहती थी। स्त्रियां बाहर से आने वाले लोगों के सामने नहीं आती थीं। वे घूंघट में ही रहती थीं। शादी-ब्याह, उत्सव, मेले-तमाशे के समय ही वे घर से निकलती थीं। यहां तक कि प्रतिष्ठित घरों की स्त्रियां तो डोली में ही आ-जा सकती थीं। चादर चारों तरफ से ढककर पर्दानशीं स्त्रियों को परिचारिकाओं के द्वारा घर से बाहर ले जाया जाता था। शिक्षा के अभाव के कारण उन्हें अपने अधिकारों के बारे में जानकारी नहीं होती थी। इसी कारण बात-बात पर परिवार में झगड़े नहीं होते थे। युवा स्त्रियां सास-ससुर, देवर और जेठानी के साथ अनुशासन में रहती थीं। पति के पास दिन में जाना बेशर्मी में शामिल था। बच्चों को पिता बुजुर्गों के सामने गोद में नहीं ले सकता था। आगंतुक या मेहमान के लिए ड्राइंग रूम या अतिथि कक्ष नहीं होता था। घर के दरवाजे के दोनों तरफ चबूतरे इसीलिए होते थे कि बाहर से आने वाले को बैठाकर बीड़ी, तंबाकू या हुक्के-पानी की खातिर कर दी जाए। बिजली बहुत बाद में जयपुर शहर में आई, वह भी कम लोगों के घरों तक पहुंच पाई थी। लोग चिमनी या लालटेन जलाते थे। शाम होते ही लालटेन के गोले साफ किए जाते या अंदर बत्ती का गुल साफ करना रोजाना की दिनचर्या में शामिल था। पानी वालियां कुएं या बाजार के सरकारी नल से पानी लाकर घरों में मटकों में भरती थीं। गर्मियों में पंखा दिनभर लोगों के हाथ में रहता था।

संपन्न लोगों के घरों में छत में लकड़ी का झालरदार पंखा होता था, जिसे नौकर दिनभर खींचता था और वह पंखाबरदार कहलाता था। सरकारी कार्यालयों में भी ऐसे ही पंखे होते थे। नुक्ते अथवा जन्मोत्सव के अवसर पर जीमन का बेसब्री से इंतजार किया जाता था। बिरादरी के पंच लोग मजबूर कर नुक्ते के जीमन का आयोजन करवाते थे। न करने वाले अक्षम लोगों की भर्त्सना की जाती थी। नुक्ता करने पर लोग कर्जदार होकर कंगाल हो जाते थे। जिस प्रकार आज दहेज की समस्या है, उसी प्रकार पूर्व जमाने में नुक्ते की समस्या थी। दस-दस हजार आदमी अहेड़े में सम्मिलित होते थे, जिसका प्रबंध पंचों के हाथों में होता था। स्त्री के प्रथम बार गर्भवती होने पर भी आठवें महीने में आठवां किया जाता था। इसी प्रकार तीर्थयात्रा कर आने के बाद गंगोज करने का भी प्रचलन था। इस जीमन में नाई, ब्राह्मण, धोबी, हरिजन और कुम्हार, जो परिवार की सेवा करते थे, के लिए पंच लोग पत्तल निकालकर उन्हें देते थे। जीमन में अमूमन चौगुनी के लड्डू, कचौड़ी और नुकती का रायता मुख्य तैयारी होती थी। पंगत में दोने-पत्तल पर ही जीमन हुआ करता था। छुआछूत का भारी ध्यान रखा जाता था।

लड़ाकों और स्त्रियों के चोरी करने के अनेक किस्से प्रचलित हैं। विवाहों में आज की तरह टेंट-शामियाने लगाने की प्रथा बिल्कुल नहीं थी। परंपरा के अनुसार ही जीमण की तैयारी बनाई जा सकती थी। ऊंचे स्तर के मुताबिक ऊंचे स्तर की तैयारी नहीं कर सकते थे। किसी इलाके में सीरा, पूड़ी, चने की दाल और इमली का झोल बनाने की रस्म होती थी। सीरा इतनी तादाद में बनता था कि उसे फावड़े से काटकर परातों में भरकर परोसा जाता था। मालपुए खाने के लिए गांव से दूर-दूर से लोग लोटा-गिलास लेकर आते थे। बच्चों को जबरदस्ती मिठाई खाने के लिए बाध्य किया जाता था, क्योंकि मिठाई बड़ी दुर्लभ होती थी। खिचड़ी-बाटी बनाने की भी गांवों में प्रथा थी तथा खिचड़ी में घी इतना परोसा जाता था कि पत्तल से बाहर बहने लगता था। शराब का नाम लेना भी बुरा समझा जाता था। शराब पीने वाले का अथवा उपपत्नी या प्रेमिका रखने वाले का जाति बहिष्कार किया जाता था। उनकी दस्सों में गिनती होती थी। जाति वाले उससे बेटी-व्यवहार नहीं करते थे। जाति बंधन बहुत कड़े होते थे। जाति में शामिल होने के लिए पंचों के जूतों की गांठ सार्वजनिक स्थान पर उठाने को लोग मजबूर हो जाते थे। स्त्रियां जूती पहनकर बुजुर्गों के सामने नहीं निकल सकती थीं। सोना पहनना भी छोटी जातियों में वर्जित था। ठाकुर-ठिकानों के रुतबे बहुत ऊंचे होते थे। नवाब फैयाज अली खां अपनी त्रिपोलिया बाजार वाली हवेली से बग्घी में बैठकर निकलते तो फरियादी लोग दरवाजे पर खड़े रहते थे। नवाब साहब का कई दिन तक फरियादी के दरवाजे पर खड़े रहने के बाद कभी ध्यान जाता तो पूछवाते कि फलां आदमी क्यों खड़ा रहता है? तो जवाब मिलता, अन्नदाता, सेर जौ की इनायत के लिए फरियादी तलबगार है। और कभी-कभी उसे नौकरी मिल जाती थी। ठाकुर भैरू सिंह साय रात के हाकिम थे, पर लोग उनसे दहशत के मारे थर्राते थे। उनकी सख्तमिजाजी के कई किस्से मशहूर हैं।

Read More लोकआस्था, प्रकृति उपासना और सूर्य साधना का महापर्व : छठ पूजा

किसानों को लगान देने के कुसूर में पांव चौड़े कर काठ में दे दिया जाता, यहां तक कि पेड़ से औंधा लटका दिया जाता और जूते से पिटवाया जाता था। ठाकुर के बाहर निकलने पर ताजीम नहीं दिए जाने पर भी पिटाई की जाती थी। शिकार अथवा सफर में निम्न जाति के गरीब लोगों को बोझा उठाने के लिए बेगार में नहीं जाने पर भी पिटवाया जाना सामान्य बात थी। बीमार होने पर अत्तर या वैद्य लोग जवारिश, कामुनी, लहक शषिस्ता, लवण भास्कर और संजीवनी गोली से ही इलाज कर देते थे। मशीनों से बीमारियों का पता लगाना लोग जानते ही नहीं थे। रॉबिन्सन, फिशर और ब्रेडफोर्ड जैसे साहबों को राजा या ठाकुर लोग ड्रिंक या डिनर पार्टियों पर बुलवाकर उपहार में डांविया देकर राजनीतिक मामले सुलझा लेते थे। क्रिसमस या बड़े दिन पर डालियों में उपहार देना सामान्य बात थी। रिश्वत का उस जमाने में भी प्रचलन था। कोर्ट-कचहरी में खुलेआम रिश्वत चलती थी। टोना-टोटका, तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक का घर-घर में विश्वास किया जाता था। ब्याह-शादी और उत्सवों में भगतणों को नाच-गान के लिए बुलाया जाता था, जो तिलक-पायजामे की वेशभूषा में बहुत शालीनता से महफिल का मनोरंजन करती थीं।

Read More स्वतंत्र प्रेस के साये में सुरक्षित रहता है लोकतंत्र

दर्शक भी उनको भगतण जी महाराज कहकर आदरपूर्वक संबोधित करते थे। उन्हें समाज का एक प्रतिष्ठित अंग समझा जाता था, जहां उनके कोठों पर तहजीब पलती थी। शिक्षा का यह आलम था कि बच्चे जोशी के यहां पट्टी, पहाड़े और महाजनी के फार्मूले घोटते-घोटते हिसाब-किताब आनन-फानन में कर लेते थे, परंतु जोशी द्वारा पिटाई किया जाना भी आम बात थी। विद्यार्थियों की आज जितनी संख्या नहीं होने के कारण उनका शिक्षकों से व्यक्तिगत संपर्क होता था और शिक्षकों की भी उनके अपने विषय में विशेषज्ञ होने के कारण पहचान होती थी। रुपये की कीमत इतनी थी कि आज की पीढ़ी के लिए कल्पना से बाहर की बात है। गेहूं एक रुपये के पंद्रह सेर, घी एक रुपये का पौने दो सेर और दूध एक रुपये का आठ सेर, चीनी, सिल्क तीन आने की एक गज उपलब्ध हो जाना साधारण बात थी।

Read More तीन हजार साल पुरानी ममी ने खोले प्राचीन मिस्र के राज

विनोद भारद्वाज
ये लेखक के अपने विचार हैं।

Related Posts

Post Comment

Comment List

Latest News

महाराष्ट्र में सूखे का संकट : बेहाल किसानों के लिए सुप्रिया सुले का दांव, सरकार से मांगा एक लाख का मुआवजा महाराष्ट्र में सूखे का संकट : बेहाल किसानों के लिए सुप्रिया सुले का दांव, सरकार से मांगा एक लाख का मुआवजा
सूखे की मार झेल रहे किसानों के लिए सुप्रिया सुले ने बड़ा राहत पैकेज मांगा है। उन्होंने प्रति हेक्टेयर एक...
हाईवे पर चावल से भरे ट्रेलर में लगी आग : लाखों का माल जला, चालक-खलासी सुरक्षित बच निकले
राहुल गांधी के विदेशी बयानों पर भाजपा की घेराबंदी, खेड़ा बोले - सरकार खुद हो रही उजागर
एएनएम को अब अलग-अलग नहीं, एक साथ मिलेगा स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रशिक्षण; राजस्थान से देशभर में होगी शुरुआत
पुतिन-जिनपिंग की बैठक, वैश्विक राजनीति में क्या बदलेगा?
मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग रोकने के लिए पुलिस ऐप का सहारा, विद्यार्थी के मोबाइल में होगा राजकॉप
महात्मा गांधी अस्पताल में डॉक्टरों का कमाल, 1.5 किलो के नवजात की पेसमेकर लगाकर बचाई जान