ऑडियोबुक्स ऐप्स में ही रह गई हैं कहानियां 

कहानियां सुनने के अनेक फायदे 

ऑडियोबुक्स ऐप्स में ही रह गई हैं कहानियां 

बच्चे हों या बूढ़े, कहानियां सुनना सबको अच्छा लगता है।

बच्चे हों या बूढ़े, कहानियां सुनना सबको अच्छा लगता है। कहानियां सुनने के अनेक फायदे हैं।  मसलन, कहानियां, जहां एक ओर हमारी कल्पनाशीलता को विकसित करती हैं, वहीं दूसरी  ओर कहानियां हमें नए विचार सीखने में भी बहुत मदद  करती हैं। ये कहानियां ही होतीं हैं जो हमारी भावनाओं को  भी समझने में बहुत ही सहायक व उपयोगी सिद्ध होतीं हैं। इतना ही नही, कहानियों से हमें हमारी सनातन संस्कृति,  हमारे इतिहास और विभिन्न नैतिक मूल्यों की भी जानकारी मिलती है। सच तो यह है कि नैतिक कहानियां बच्चों को अच्छे और बुरे, सही-गलत, नैतिक-अनैतिक के बीच  अंतर सिखाती हैं, जिससे वे अपने जीवन में सही निर्णय  लेने में सक्षम हो पाते हैं।   

कहानियों से बच्चों में रचनात्मकता का तो विकास होता ही है, साथ ही साथ इनसे बच्चों का भाषा कौशल का  विकास भी होता है। सांस्कृतिक और सामाजिक विकास में भी कहानियां योगदान देतीं हैं। इतना ही नहीं, कहानियां  बच्चों की समस्याओं को पहचानने और उन्हें हल करने के तरीके सीखने में मदद करती हैं। ध्यान और एकाग्रता बढ़ाने  में कहानियां मदद करती हैं, क्योंकि वे कहानी को ध्यान से सुनने और समझने में व्यस्त रहते हैं। कहानियों को सुनने से बच्चों का संज्ञानात्मक विकास होता है तथा मनोरंजन तो  कहानियों से होता ही है, लेकिन आज आर्टिफिशियल  इंटेलिजेंस, इंटरनेट, सोशल नेटवर्किंग साइट्स का जमाना  है। आज की संस्कृति मल्टीप्लेक्स और एंड्रॉयड मोबाइल  की संस्कृति हो गई है। 

स्क्रीन टाइम अधिक होने का प्रभाव  मन-मस्तिष्क और शरीर पर पड़ रहा है। बच्चे आज  चहारदीवारी में व्यस्त नजर आने लगे हैं और वे पहले की  भांति न तो खेल के मैदानों में ही जाना चाहते हैं और न ही  घर-परिवार के सदस्यों से आपसी संवाद और बातचीत ही  करना चाहते हैं। हम आज इंटरनेट संस्कृति में इतने अधिक  बस चुके हैं कि अब पहले की भांति दादा-दादी, नाना-नानी  व पारिवारिक सदस्यों से कहानियां नहीं सुनते हैं। आज  समय भी नहीं बचा है किसी के पास, कहानियां सुनने-सुनाने का।अब पहले की भांति बच्चे कहानियों में  कल्पनाओं की सैर नहीं करते हैं, क्यों कि न तो सुनाने वालों  को ही रूचि अब रही है और न ही सुनने वालों को। सच तो  यह है कि आज कहानियां सुनने का अंदाज पूरी तरह से  बदल चुका है। दादी-नानी के मुंह से निकलकर कहानियां  अब पॉडकास्ट तक पहुंच चुकीं हैं। 

पाठकों को बताता चलूं  कि पॉडकास्ट एक डिजिटल ऑडियो कार्यक्रम होता है, जो  आमतौर पर श्रृंखला के रूप में होता है और इसे इंटरनेट पर  डाउनलोड या स्ट्रीम किया जा सकता है। वास्तव में यह एक  लचीला माध्यम है, जिसमें कोई भी किसी भी विषय पर बात  कर सकते हैं, अपनी कहानी सुना सकते हैं, या अन्य लोगों  के साथ चर्चा कर सकते हैं, लेकिन इसमें वह बात नहीं है, जो दादा-दादी, नाना-नानी की कहानियों में हुआ करती थी। तब बच्चे भावात्मक रूप से अपने पारिवारिक सदस्यों से  जुड़ा करते थे, आज डिजिटल माध्यम हो गया है, जो बच्चों  पर उतना प्रभाव नहीं छोड़ रहा, जितना प्रभाव भावात्मक,  अभिव्यक्ति, भाषा शैली आज से 25-30 साल पहले  छोड़ता था। 

Read More एआई के लाभ-हानि से बदलती जीवन रेखा

आज के समय में कहानियों का जादू बरकरार  नहीं है, लेकिन समय के साथ कहानियों के सुनने-सुनाने के  तरीकों में अभूतपूर्व बदलाव आ गए हैं। रेडियो का प्रयोग  भी अब पहले की तुलना में कम हो गया है, क्यों कि अनेक  साधनों का विकास हो चुका है। पहले बच्चे बड़े चाव से  खुले आसमान के बीच प्राकृतिक वातावरण में कहानियां  सुना करते थे और उनका मन-मस्तिष्क और शरीर का  विकास होता था।   

Read More प्रदूषण से उड़कर बादलों में घुलते कीटनाशक

आज डिजिटल माध्यम से आंखों की समस्याएं, सिर  दर्द, चिड़चिड़ापन की समस्याएं जन्म ले रहीं हैं। आज के  समय में लोककथाएं मोबाइल और डिजिटल पॉडकास्ट व  ऑडियोबुक्स के रूप में चल रही हैं। आज बड़े-बुजुर्गों  द्वारा नहीं बल्कि कहानियों को बच्चों द्वारा इयरफोन,  पाडकास्ट, मोबाइल रेडियो आदि पर लगाकर सुना जा रहा  हैं। पहले टीवी पर पंचतंत्र, विभिन्न लोककथाएं, जातक  कथाएं और वीर रस की गाथाएं सुनने देखने को मिल जातीं  थीं, लेकिन आजकल बच्चों को विडियो गेम्स से ही फुर्सत  नहीं है। आज के समय में कहानियां ऑडियोबुक्स व  पॉडकास्ट ऐप्स की लाइब्रेरी में विभिन्न ऑडिबल  प्लेटफॉर्म्स पर मौजूद हैं। आज आंगन भी पहले की तरह  खुले नहीं रहे, शहरीकरण और रोजगार के कारण बच्चों के  माता-पिता भी आज गांवों से शहरों की ओर रूख करने  लगे हैं।   

Read More काम और जीवन के संतुलन की नई जरूरत

-सुनील कुमार महला   
यह लेखक के विचार हैं।   
  

Post Comment

Comment List

Latest News

Gold and silver price : शुद्ध सोना पांच सौ रुपए सस्ता, चांदी पांच सौ रुपए महंगी Gold and silver price : शुद्ध सोना पांच सौ रुपए सस्ता, चांदी पांच सौ रुपए महंगी
शुद्ध सोना 500 रुपए कम होकर 1,36,000 रुपए प्रति दस ग्राम रहा। जेवराती सोना 400 रुपए टूटकर 1,27,200 रुपए प्रति...
दिल्ली में कोहरे का असर : दृश्यता कम होने से 27 उड़ानें रद्द, कई फ्लाइटों में देरी
केंद्र से 2000 करोड़ हासिल करने की तैयारी, SASCI अर्बन रिफॉर्म्स को लागू करने पर मंथन
‘तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी’ का ट्रेलर रिलीज : हंसी, रोमांस और इमोशनल ड्रामा का लगेगा तड़का, जानें रिलीज डेट 
राज्यपाल की राम. वी. सुतार के निधन पर शोक संवेदना, कहा- भारतीय कला के महान कलाकार थे
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का राष्ट्र के नाम संदेश, 'टैरिफ' के फायदों सहित अपनी आर्थिक उपलब्धियों को गिनाया
एस्ट्रोटर्फ तो दूर, शहर में नहीं हॉकी मैदान,कैसे तैयार होंगे ध्यानचंद