1 माह पहले रची साजिश : आईटी अफसर बनकर आए बदमाश, ट्रांसपोर्ट व्यवसायी के घर 3 करोड़ रुपए की डकैती
काली स्कॉर्पियो पर लिखा था भारत सरकार
अजमेर। नसीराबाद क्षेत्र के एक बड़े ट्रांसपोर्ट व्यवसायी के घर शुक्रवार को दिन-दहाड़े बदमाशों ने डकैती को अंजाम दे दिया। बदमाश फर्जी आयकर अधिकारी बनकर घर में घुसे और करीब 3 करोड़ रुपए के सोने-चांदी के गहने समेटकर ले गए। पुलिस ने वारदात का पता चलते ही त्वरित कार्रवाई की और 3 घंटे के अन्दर 6 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी भारत सरकार लिखी काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर आए थे। पुलिस के मुताबिक, डकैती की साजिश एक माह पहले रची गई थी। गिरफ्तार आरोपियों में एक ऐसा व्यक्ति भी है, जो पीड़ित के घर का पुराना नौकर रह चुका है। एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में देवेंद्र (33), संजय रावत, रविकांत उर्फ रवि (40), अमित (26), तारू (39), देवा उर्फ देवेंद्र सिंह रावत (20) है। इनमें देवेन्द्र गिरोह का मास्टर माइण्ड है। पुलिस ने उसके गिरफ्तार साथियों को फिलहाल बापर्दा रखा हुआ है।
आयकर छापे का भय दिखा वारदात :
एसपी अग्रवाला ने बताया कि महेश विहार कॉलोनी, दिलवाड़ी बाइपास, नसीराबाद निवासी कार्तिक माहेश्वरी पुत्र अनिल माहेश्वरी ने नसीराबाद सदर थाने में रिपोर्ट दी कि शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे 9-10 लोग प्रशासनिक वेशभूषा में काली स्कॉर्पियो में सवार हो उनके घर पहुंचे। खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताकर छापे की बात कही और परिवार को एक जगह बैठा दिया। इसके बाद घर की तलाशी लेने लगे। उन्होंने कहा कि घर में जो भी सामान हो उसके संबंध में जानकारी दें। तलाशी के दौरान घर के लॉकर में रखे सोने-चांदी के गहनों को वह बैग में भरकर ले गए। साथ ही उनके मोबाइल फोन भी ले लिए। परिवार को डराया-धमकाया और फरार हो गए। उनकी ओर से गहनों की कीमत करीब 3 करोड़ रुपए बताई गई है।

Comment List