मकान मालिक व किराएदार के बीच विवाद : किराएदार खादिम ने की फायरिंग, गोली से राहगीर छात्र चोटिल
झगड़ा करने व फायरिंग करने का बच्चों ने मोबाइल से बना लिया वीडियो
फूस की कोठी क्षेत्र में बुधवार शाम मकान मालिक व किराएदार के बीच विवाद ने झगड़े का रूप ले लिया। आवेश में आए खादिम किराएदार ने गुस्से में पिस्तौल से फायरिंग कर दी। जिससे मौके पर मौजूद एक छात्र का हाथ जख्मी हो गया, वहीं आरोपित खादिम को भी हल्की चोट आईं, जिसे पुलिस ने डिटेन कर लिया।
अजमेर। फूस की कोठी क्षेत्र में बुधवार शाम मकान मालिक व किराएदार के बीच विवाद ने झगड़े का रूप ले लिया। आवेश में आए खादिम किराएदार ने गुस्से में पिस्तौल से फायरिंग कर दी। जिससे मौके पर मौजूद एक छात्र का हाथ जख्मी हो गया, वहीं आरोपित खादिम को भी हल्की चोट आईं, जिसे पुलिस ने डिटेन कर लिया है। सिविल लाइन पुलिस के अनुसार कुन्दन नगर रोड स्थित फूस की कोठी निवासी आयशा पत्नी नईम अहमद ने बताया कि उसका मकान खादिम सैयद गुलरेज चिश्ती ने किराए पर ले रखा है, जो उसके मकान में तांत्रिक क्रियाएं करने लगा। साथ ही वह किराया भी नहीं देना चाह रहा है। इसलिए वह उससे मकान खाली करना चाहती है। इसी बात को लेकर उनमें विवाद है। आज भी गुलरेज एक ताबीज जलाकर कुछ तंत्र क्रिया कर रहा था।
उस दौरान आयशा ने देख विरोध किया तो गुलरेज ने अपशब्द बोलते हुए धमकाना शुरू कर दिया। इस बीच आयशा का बेटा आ गया। उसने मां को अपशब्द बोलने का विरोध किया। इस बीच गुलरेज भी घर में चला गया। बाद में सरिया और पिस्तौल लेकर आया और आयशा को गोली मारने के लिए धमकाया। इस दौरान गुलरेज व उसके साथी ने मारपीट के साथ अचानक फायरिंग कर दी। जिससे एक गोली वहां से गुजर रहे छात्र मोहम्मद तुफैल के दाहिने हाथ की बाजू में लग गई।
वारदात का वीडियो भी बनाया : आयशा ने बताया कि आरोपी गुलरेज की ओर से झगड़ा करने व फायरिंग करने का बच्चों ने मोबाइल से वीडियो बना लिया। साथ ही पुलिस को भी सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्र व आरोपी गुलरेज को जेएलएन अस्पताल पहुंचाया। मौके पर पुलिस का जाब्ता तैनात किया गया है। इधर, आरोपी खादिम ने आयशा के आरोपों को नकार दिया है। उसने फायरिंग की बात से इंकार किया है।

Comment List