युवक के बैग से 13.6 लाख रुपए के नकली नोट बरामद, नकली नोट छपे कागज की शीट भी जब्त
पूछताछ कर उसके गिरोह का पर्दाफाश करने का प्रयास
अजमेर। दरगाह क्षेत्र में जायरीन एवं पर्यटकों की भीड़ में नकली नोट से लेन-देन का प्रयास कर रहे युवक को गंज थाना पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 13 लाख 6 हजार रुपए मूल्य के पांच-पांच सौ के नकली नोट जब्त किए हैं। अजमेर शहर में एक साथ इतने अधिक संख्या में नकली नोट पकड़ने की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। पुलिस आरोपी विक्रम जोन से पूछताछ कर उसके गिरोह का पर्दाफाश करने का प्रयास कर रही है।
जानकारी के अनुसार दरगाह क्षेत्र में पांच-पांच सौ रुपए के नकली नोट प्रचलन की सूचना मिलने पर गंज थाना प्रभारी महावीर सिंह राठौड़ ने वेल्डिंग का काम करने वाले प्रिंस हिल्स कॉलोनी बड़ी नागफणी निवासी विक्रम जोन को चिन्हित किया। पुलिस के अनुसार आरोपी को रविवार घी मंडी के सरकारी स्कूल के पास एक बैग लेकर किसी का इंतजार करते देखा गया। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। बैग की तलाशी लेने पर जिसमें 13 लाख 6 हजार रुपए मूल्य के 500-500 रुपए के नकली नोट मिले। पुलिस ने आरोपी के पास से नकली नोट छपे कागज की शीट भी जब्त की है।

Comment List