फर्जी दस्तावेजों से छात्रवृत्ति हड़पने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पश्चिम बंगाल से 2 आरोपी गिरफ्तार
नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश
अजमेर। नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (एनएसपी) पर फर्जी आवेदन कर सरकारी छात्रवृत्ति राशि हड़पने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर पश्चिम बंगाल से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 85 अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल सिम कार्ड, दो लैपटॉप, दो प्रिंटर, फिंगर प्रिंट डिवाइस सहित बड़ी मात्रा में डिजिटल सामग्री बरामद की है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि वर्ष 2021-22 और 2022-23 में अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों को दी जाने वाली छात्रवृत्ति योजना में फर्जीवाड़े की शिकायत मिली थी।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने शिक्षण संस्थानों की जानकारी और फर्जी मोबाइल सिम का उपयोग कर एनएसपी पोर्टल पर गलत जानकारी दर्ज कर छात्रवृत्ति की राशि प्राप्त की। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी तबिबार रहमान निवासी चकलागच्छ उत्तर दिनाजपुर पश्चिम बंगाल और साहनामाज निवासी काजिगच्छ दिनाजपुर पश्चिम बंगाल हैं। ये दस्तावेज बरामद:जांच में आरोपियों के लैपटॉप और मोबाइल से करीब 2100 बैंक खातों की जानकारी, एक हजार से अधिक फिंगर प्रिंट, करीब दो हजार आधार कार्ड व फोटो तथा लगभग 15 सौ स्टांप की फोटो कॉपी मिली हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

Comment List