एसआई भर्ती परीक्षा-2021: 20 सितम्बर को पुनः होगी परीक्षा, 16 मई से कर सकेंगे आवेदन में संशोधन
दागी अभ्यर्थियों पर आरपीएससी की बड़ी कार्रवाई
अजमेर। राजस्थान लोक सेवा आयोग ने निर्णय लिया है कि 20 सितम्बर को आयोजित होने वाली एसआई भर्ती परीक्षा 2021 में पेपर लीक, डमी कैंडिडेट और अनुचित साधनों के प्रयोग में संलिप्त अभ्यर्थियों को एप्लीकेशन अपडेट करने का अवसर नहीं दिया जाएगा। एसआई परीक्षा 2021 में जो अभ्यर्थी एप्लीकेशन अपडेट नहीं कर सकेंगे उनकी संख्या लगभग सौ है। आयोग सचिव ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों के विरुद्ध एसआई भर्ती परीक्षा 2021 की शुचिता भंग करने के संबंध में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, उन्हें 16 मई से शुरू होने वाली एप्लीकेशन अपडेट प्रक्रिया में शामिल होने की अनमति नहीं दी जाएगी।
ऐसे प्रकरण के तथ्यों का सूक्षमतापूर्वक अध्ययन करते हुए प्रत्येक प्रकरण पर विधिसम्मत निर्णय लेकर तद्नुसार कार्यवाही कर परीक्षा आयोजन से पूर्व संबंधित अभ्यर्थियों को पृथक से सूचित किया जाएगा। एसआई भर्ती परीक्षा 2021 का पुनः आयोजन 20 सितम्बर को किया जाएगा। इस परीक्षा में केवल वे ही 3 लाख 83 हजार 97 अभ्यर्थी फिर से परीक्षा दे सकेंगे, जो पूर्व में आयोजित लिखित परीक्षा के दोनों प्रश्न पत्रों में उपस्थित रहे थे। अभ्यर्थी 16 मई से 30 मई के बीच अपने आवेदन में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी एवं पत्राचार का पता अपडेट कर सकते हैं।

Comment List