स्पेशल टीम ने किया खुलासा : वर्ल्ड कप टी-20 फाइनल मैच पर एक करोड़ से ज्यादा का सट्टा पकड़ा, रावत नगर में छापा मारकर 10 को दबोचा
लैपटॉप, 21 मोबाइल सहित लेन-देन का हिसाब जब्त
जिला स्पेशल टीम ने रावत नगर में छापा मारकर टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल पर ऑनलाइन सट्टेबाजी का भंडाफोड़। पुलिस ने पिता-पुत्र सहित 10 लोगों को पकड़ा। मौके से लैपटॉप, 21 मोबाइल और एक करोड़ रुपए से अधिक के लेन-देन का हिसाब। आरोपियों के खिलाफ गंज थाने में जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू।
कासं/अजमेर। जिला स्पेशल टीम ने बीतीरात को रावत नगर में कार्रवाई करते हुए वर्ल्ड कप टी-20 फाइनल मैच में करोड़ों रुपए के ऑनलाइन सट्टे का भण्डाफोड़ किया है। पुलिस ने 10 लोगों को मौके से दबोचा है। जिनके कब्जे से पुलिस ने 21 मोबाइल व एक करोड़ से ज्यादा का हिसाब मिला है। मामले में गंज थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक वन्दिता राणा ने बताया कि रविवार को जिला स्पेशल टीम को सूचना मिली कि गंज थाना क्षेत्र स्थित रावत नगर में भारत बनाम न्यूजीलैण्ड के वर्ल्ड कप टी-20 फाइनल मैच में करोड़ों रुपए का सट्टा खिलाया जा रहा है। इस पर एसपी राणा ने एडिशनल एसपी हिमांशु जांगिड के निर्देशन में डीएसटी प्रभारी सत्यावान सिंह मीणा को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। टीम ने रावत नगर पहुंचकर उक्त मकान की घेराबन्दी कर छापा मारा। टीम ने मौके पर 10 लोगों को डिटेन कर लिया। उनके कब्जे से एक लैपटॉप, 15 एण्ड्रायड मोबाइल, 06 कीपैड मोबाइल व एक करोड़ रुपए से ज्यादा का लेनदेन का डिवाइसों में हिसाब मिला है। डीएसटी टीम ने कार्रवाई कर तुरंत गंज थाना पुलिस को भी सूचना दी। जिस पर गंज थाने का दल भी मौके पर पहुंच गया। जिस पर डीएसटी ने डिटेन किए लोगों व उनसे बरामद सट्टा खिलाने संबंधी उपकरण उन्हें सौंप दिए। जिस पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ जुआ एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पिता-पुत्र सहित दस को दबोचा :
पुलिस की कार्रवाई में पकड़े गए लोगों में डिग्गी बाजार निवासी राजेश देवानी पुत्र हीरानन्द देवानी, विनायक विहार फॉयसागर रोड निवासी मनीष धनजानी पुत्र गोपीचन्द, बसंत नगर कोटड़ा हरिभाऊ उपाध्याय नगर निवासी महेश तमोली पुत्र रामरतन तमोली, गली-2 गीता कॉलोनी फॉयसागर रोड निवासी मनीष कुमार पुत्र पुरुषोत्तमदास, ग्राम भांवता पीसांगन निवासी गोपाल मेघवंशी पुत्र रामपाल मेघवंशी, रावत नगर फॉयसागर रोड निवासी गिरीश नलवानी पुत्र ईश्वरदास, बोराज फॉयसागर रोड निवासी रामकिशन चौहान पुत्र गोपाल लाल चौहान, राज कॉलोनी फॉयसागर रोड निवासी प्रकाश देवानी पुत्र हीरानंद, राज कॉलोनी निवासी दिनेश लीलानी पुत्र कालूराम लीलानी व उसका बेटा दीपक लीलानी शामिल है।

Comment List