जोधपुर मेयर पद का संग्राम : रणनीति पुष्कर में, कांग्रेस पार्षदों की रिसॉर्ट में बाड़ेबंदी
गहलोत ने संभाला मोर्चा
पुष्कर। जोधपुर नगर निगम के महापौर की कुर्सी को लेकर चल रही सियासी खींचतान के बीच पुष्कर कांग्रेस की रणनीति का केंद्र बन गई है। कांग्रेस ने अपने नवनिर्वाचित पार्षदों को पुष्कर के नाला क्षेत्र के वामदेव रोड स्थित रिसॉर्ट में ठहराया है। इसी बीच बुधवार शाम पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पुष्कर पहुंचे और रिसॉर्ट में पार्षदों के साथ बैठक कर महापौर चुनाव को लेकर चर्चा की। गहलोत ने पार्षदों से चुनावी परिस्थितियों और पार्टी की रणनीति पर चर्चा की तथा उन्हें एकजुट रहने का संदेश दिया। इस दौरान पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेन्द्र राठौड़ समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी बैठक में शामिल हुए। इस दौरान मीडियाकर्मियों व आमजन का प्रवेश पूरी तरह से बंद रखा गया। जोधपुर में महापौर पद के लिए 25 सितंबर को मतदान होना है। भाजपा ने प्रसन्नचंद मेहता और कांग्रेस ने पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह सोलंकी को प्रत्याशी बनाया है।
45-44 का गणित :
100 सदस्यीय जोधपुर नगर निगम में वार्ड 50 के पुनर्मतदान के बाद भाजपा के 45 और कांग्रेस के 44 पार्षद हैं। इसके अलावा 10 निर्दलीय और एक आरएलपी पार्षद निर्वाचित हुआ है। महापौर चुनने के लिए 51 मतों की आवश्यकता है। ऐसे में मतदान से पहले दोनों दल अपने-अपने पार्षदों और समर्थकों को साथ रखने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। कांग्रेस पार्षदों को पुष्कर में ठहराए जाने और गहलोत की बैठक ने स्थानीय स्तर पर भी राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।

Comment List