पासपोर्ट ऑफिस व जीपीओ ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी : पुलिस ने की जांच, नहीं मिली कोई विस्फोटक सामग्री
मामले की सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी गई
अजमेर में पासपोर्ट ऑफिस और जीपीओ को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मचा। कोतवाली थाना पुलिस ने दोनों परिसर खाली कराकर डॉग स्क्वॉड व बम निरोधक दस्ते से जांच, कोई विस्फोटक नहीं मिला। पुलिस मामले की जांच में जुटी।
अजमेर। पासपोर्ट ऑफिस को एक बार फिर से बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पासपोर्ट व जीपीओ दोनों ऑफिस में हड़कंप मच गया। दोनों ऑफिस के कर्मचारियों को बाहर निकाल कर खाली करवाया गया। पुलिस टीमों ने अच्छे से जांच की। लेकिन कोई विफोटक सामग्री नहीं मिली है। पोस्ट ऑफिस के डिप्टी पोस्टमास्टर शीला रावत ने बताया कि ऑफिस में एक ई-मेल प्राप्त हुआ है। जिसमें पासपोर्ट ऑफिस और पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। मामले की सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी गई।
इस पर कोतवाली थाना प्रभारी अनिल देव मय जाप्ते के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों ऑफिस के परिसर को खाली करवा दिया। मौके पर सीआईडी ने डॉग स्क्वायड टीम और बम निरोधक दस्ते ने मेटल डिटेक्टर से पूरे परिसर को चेक किया। इस दौरान कर्मचारियों में हड़कंप मचा रहा। पुलिस की जांच में जब कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई तो सभी ने राहत की सांस ली। धमकी वाले ई-मेल में लिखा है कि पासपोर्ट व डाकघर में धमाका करने लिए 10 जहरीले बम लगाए हैं। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी पासपोर्ट ऑफिस, जीपीओ, दरगाह, कलक्ट्रेट और कोर्ट भवन को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी है।

Comment List