हाईवे पर चावल से भरे ट्रेलर में लगी आग : लाखों का माल जला, चालक-खलासी सुरक्षित बच निकले
लाखों का माल जला
अलवर। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग -48 पर चावल से भरे ट्रक ट्रेलर में आग लगने से जलकर नष्ट हो गया। ट्रेलर हरियाणा के पानीपत से चावल भरकर गुजरात के कांडला जा रहा था। जनकसिंहपुरा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात करीब 2 बजे अचानक ट्रेलर में आग लग गयी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया। चालक और खलासी ने किसी तरह कूदकर जान बचाई।
सूचना मिलते ही पुलिस और रीको अग्निशमन केंद्र की दमकलें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक ट्रेलर और उसमें भरा लाखों रुपये का चावल जल चुका था। ट्रेलर में आग लगने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। आग की भयावहता को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही रुकवाई और यातायात को दूसरे मार्ग से भेजा गया। आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने के साथ आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।

Comment List