दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर लेन उल्लंघन पर ऑटोमैटिक चालान; आईजी राहुल प्रकाश ने शुरू की देश की पहली अनूठी तकनीक
एक्सप्रेसवे पर यह अपनी तरह का पहला प्रयोग
अलवर। राजस्थान में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को रोकने के लिए राजस्थान पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। अब एक्सप्रेसवे पर गलत लेन में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कैमरों के जरिए चालान किया जाएगा। यह व्यवस्था पहली बार दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर लागू की जा रही है।
शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर अलवर पहुंचे जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राहुल प्रकाश ने पत्रकारों से कहा कि हाल ही में राजस्थान के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक हुई थी, जिसमें एक्सप्रेसवे पर बढ़ती दुर्घटनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में खराब कैमरों को ठीक करने, सड़क की खराब स्थिति, गड्ढों और असंतुलित हिस्सों को सुधारने पर विस्तार से चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं की सबसे बड़ी वजह वाहन चालकों द्वारा लेन अनुशासन का पालन नहीं करना है। एक्सप्रेसवे पर अलग-अलग प्रकार के वाहनों के लिए अलग-अलग लेन निर्धारित हैं, लेकिन चालक मनमर्जी से किसी भी लेन में वाहन चलाते हैं और ओवरटेक करते हैं, जिससे हादसे होते हैं।
प्रकाश ने बताया कि पहले कैमरों में लेन ड्राइविंग की निगरानी प्रणाली नहीं थी, इसलिए कार्रवाई संभव नहीं हो पाती थी। अब इस तकनीक को कैमरों में शामिल कर दिया गया है और गलत लेन में वाहन चलाने वालों के खिलाफ स्वतः चालान जारी होंगे। उन्होंने दावा किया कि देश के एक्सप्रेसवे पर यह अपनी तरह का पहला प्रयोग है।

Comment List