अलवर में छत गिरने के हादसे ने खोली निर्माण गुणवत्ता की पोल, मकान मालिक ने सीमेंट कंपनी पर उठाए सवाल
मजदूरों ने कूदकर बचाई जान
अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार को एक निर्माणाधीन मकान की छत गिरने से ठेकेदार सहित छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को बड़ौदा मेव अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। घायलों में महेश, सीताराम, नन्नूराम, जीतराम और जयनारायण शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत के बाई का बास गांव में जीतराम गुर्जर के मकान में करीब दो दिन पहले ढांचे पर टाइम बीम डालकर छत की पट्टियां रखी गई थीं। शनिवार को इन पर छत डालने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक बीम और पट्टियां नीचे आ गिरीं। छत गिरने का आभास होते ही काम में लगे मजदूरों ने नीचे छलांग लगाकर अपनी जान बचाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
मकान मालिक जीतराम गुर्जर का आरोप है कि बड़ौदा मेव से खरीदी गई एक कंपनी की सीमेंट की गुणवत्ता ठीक नहीं थी और इसी कारण मकान के पिलरों में दरारें आने लगी थीं। परिवार के अनुसार इस संबंध में पहले ही संबंधित सीमेंट कंपनी के अधिकारियों को शिकायत की गई थी।

Comment List