सावन में नलदेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेंगे हजारों श्रद्धालु, कुंड में हादसों को रोकने के लिए वनकर्मियों की तैनाती की मांग
ग्राम पंचायत ने सरिस्का वन विभाग से की सुरक्षा की मांग
अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के मालाखेड़ा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत माधोगढ़ ने नलदेश्वर महादेव मंदिर पहाड़ी स्थित कुंड में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर वन विभाग से विशेष व्यवस्था करने की मांग की है। ग्राम पंचायत प्रशासक सुशीला देवी ने रविवार को बताया कि उन्होंने सरिस्का के उपवन संरक्षक को पत्र भेजकर दुर्घटना संभावित स्थान पर वन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने का आग्रह किया है।
पत्र में बताया गया है कि नलदेश्वर महादेव मंदिर के पहाड़ी कुंड में हर वर्ष पानी में डूबने की घटनाएं होती हैं। छह अगस्त को भी कुंड के पानी में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। सावन और भाद्रपद मास में बड़ी संख्या में शिव भक्त मंदिर पहुंचते हैं, ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए दुर्घटना संभावित स्थान पर वन कर्मियों की तैनाती जरूरी है।
उन्होंने बताया कि पत्र में ग्राम पंचायत ने कुशाल गढ़ नाका और थानागाजी नाका पर तैनात वन विभाग के कर्मचारियों को भी श्रद्धालुओं और स्थानीय ग्रामीणों की आवाजाही के दौरान आपसी समन्वय एवं मधुर व्यवहार बनाए रखने के निर्देश देने का आग्रह किया है। धार्मिक स्थल पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच अनावश्यक तनाव की स्थिति पैदा नहीं होनी चाहिए और सभी पक्षों के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्था कायम रखी जानी चाहिए। ग्राम पंचायत ने वन विभाग से श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सहयोग और प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

Comment List