मतदान खत्म होते ही भाजपा प्रत्याशी और पति लापता, अपहरण की शिकायत से मचा हड़कंप
पुलिस ने शुरू की तलाश
बारां। नगर परिषद चुनाव में मतदान खत्म होने के कुछ ही घंटे बाद वार्ड 16 से भाजपा प्रत्याशी अंतिमा यादव और उनके पति संजय यादव के अचानक लापता होने से शहर में सनसनी फैल गई। चुनावी माहौल अभी पूरी तरह थमा भी नहीं था कि सामने आई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी अनुसार, अंतिमा यादव और उनके पति 9 सितम्बर को अंबेडकर भवन स्थित मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे थे। मतदान के बाद दोनों वापस घर नहीं लौटे। काफी देर तक तलाश के बाद परिजनों ने आसपास पूछताछ की। परिजनों का आरोप है कि कुछ अज्ञात लोग दोनों को मतदान केंद्र के बाहर से जबरन अपने साथ ले गए। मामले को लेकर अंतिमा यादव की सास अंगुरी बाई और मां कृष्णा बाई ने कोतवाली थाने पहुंचकर अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर तलाश में जुटी पुलिस : पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर दोनों की तलाश में जुटी है। घटना को लेकर पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आखिर दोनों किस परिस्थिति में लापता हुए और उनके साथ वास्तव में क्या हुआ। चुनावी नतीजों से पहले प्रत्याशी के अचानक गायब होने की यह घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। फिलहाल नजर पुलिस की जांच और उस सवाल पर है कि मतदान केंद्र से निकलने के बाद अंतिमा यादव और उनके पति आखिर कहां गए?

Comment List