बाड़मेर में शराब तस्करी पर बड़ा प्रहार : 2248 बीयर केन जब्त, तस्कर गिरफ्तार
इससे जुड़े नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ
बाड़मेर। बाड़मेर जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धनाऊ थाना पुलिस व जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक 18 चक्का ट्रक-ट्रेलर से 2248 किंगफिशर बीयर केन बरामद किए हैं। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपए है। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। जिला पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने बताया, पुलिस मुख्यालय एवं जोधपुर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस के निर्देशानुसार अवैध शराब और मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य तथा चौहटन वृत्ताधिकारी जेठाराम के सुपरविजन में डीएसटी को मिली सूचना के आधार पर धनाऊ थाना पुलिस ने भारतमाला सड़क पर नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान आरजे-32 जीबी-5103 नंबर के 18 चक्का ट्रक-ट्रेलर को रोक तलाशी ली गई। जांच में ट्रक की बॉडी में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त खांचे मिले। कटर व हथौड़े की सहायता से खांचे खोलने पर उनमें छिपाकर रखी गई 2248 किंगफिशर बीयर केन बरामद हुई। पुलिस ने शराब व वाहन को जब्त कर चालक गेनाराम जाट (26) निवासी रतासर, थाना बीजराड़ को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया, कि आरोपी ट्रक की बॉडी में गुप्त खांचे बना शराब की तस्करी कर रहा था। पुलिस अब शराब की खरीद-फरोख्त और इससे जुड़े नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।

Comment List