अलोद में धार्मिक स्थल पर आपत्तिजनक नारा लिखने से तनाव का माहौल: पुलिस जाप्ता तैनात, क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम
हिंडोली तनाव: धार्मिक स्थल पर विवादित नारे के बाद पुलिस अलर्ट
बूंदी के अलोद गांव में एक धार्मिक स्थल की दीवार पर आपत्तिजनक नारा लिखे जाने से तनाव फैल गया। सूचना मिलते ही डीएसपी अजीत मेघवंशी ने भारी पुलिस बल के साथ मोर्चा संभाला और ग्रामीणों को शांत कराया। प्रशासन ने अतिरिक्त जाप्ता तैनात कर अफवाहों से बचने की अपील की है। फिलहाल क्षेत्र में शांति कायम है।
हिंडोली। उपखंड क्षेत्र के अलोद गांव में एक धार्मिक स्थल की दीवार पर आपत्तिजनक नारा लिखे जाने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही समुदाय विशेष के लोग मौके पर एकत्रित हो गए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इधर सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन हरकत में आया।
मौके पर पहुंचे डीएसपी अजीत मेघवंशी ने लोगों को समझाइश कर माहौल शांत कराने का प्रयास किया। एहतियात के तौर पर बूंदी पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुलिस जाप्ता मौके पर तैनात किया गया। पुलिस की मुस्तैदी से फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। समुदाय विशेष की ओर से मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। पुलिस की ओर से लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है।
इनका कहना है
ईदगाह की दीवार पर नारा लिखे जाने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। लेकिन समझाइश के बाद मामला शांत हो गया है और क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर निगरानी रखी जा रही है।

Comment List