4 साल से हरिपुरा स्कूल का मैदान बना जलभराव का तालाब, जानें पूरा मामला
बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा संकट पर बढ़ता खतरा
नमाना रोड। ग्राम पंचायत हरिपुरा स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के खेल मैदान में पिछले चार वर्षों से लगातार जलभराव की समस्या बनी हुई है, जिससे स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा दोनों प्रभावित हो रही हैं। जरा सी बारिश होते ही पूरा मैदान तालाब में तब्दील हो जाता है, जिससे बच्चों को विद्यालय आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार पहले मैदान से पानी निकासी की व्यवस्था थी, लेकिन अतिक्रमण और मिट्टी भराव के कारण जल निकासी मार्ग अवरुद्ध हो गया है, जिससे समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।
ग्रामीण प्रेमराज मीणा, ऋषिपाल सिंह एवं हरिओम मीणा सहित अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि यदि मानसून से पहले स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे बच्चों के टीसी कटवाने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के निर्देशों के बावजूद स्थानीय स्तर पर सुधार कार्य नहीं हो रहा है। इससे अभिभावकों में भारी रोष व्याप्त है।ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से जल्द से जल्द जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि बच्चों की पढ़ाई सुरक्षित वातावरण में जारी रह सके।
समस्या को लेकर वर्ष 2022 से लगातार ग्राम पंचायत, शाला प्रबंधन समिति और प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है। कई बार लिखित शिकायत भी दी गई, लेकिन तकनीकी एवं वित्तीय कारणों से समाधान नहीं हो सका।
- घनश्याम नकलक, प्रधानाचार्य, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, हरिपुरा
हमें इसकी कोई जानकारी नहीं है और किसी ने बताया भी नहीं है। आपके माध्यम से जानकारी मिली है। स्कूल खुलने के बाद एक बार मौका देखकर जो भी समाधान होगा वह करवाएंगे।
- प्रीति शर्मा , सीबीआईओ, बूंदी

Comment List