असर खबर का : बांडी खाली नाले पर उच्च क्षमता की नई पुलिया का निर्माण शुरू, जानें पूरा मामला
दैनिक नवज्योति ने कई बार खबेंर प्रकाशित कर उठाया था मामला
लंबे समय तक बरसाती पानी बहने के कारण यह पुलिया बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी।
भंडेडा। क्षेत्र में बांसी-देई मुख्य मार्ग पर स्थित बांडी खाली नाले की क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर अब उच्च क्षमता की नई पुलिया का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। लंबे समय से खराब पड़ी इस पुलिया के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को खतरे के बीच आवागमन करना पड़ रहा था, लेकिन अब निर्माण कार्य शुरू होने से जल्द ही राहत मिलने की उम्मीद है। जानकारी के अनुसार भैरव बाबा के निकट स्थित इस पुलिया के ऊपर से लंबे समय तक बरसाती पानी बहने के कारण यह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बावजूद लोग जोखिम उठाकर यहां से गुजरने को मजबूर थे। कई बार वाहन चालक नाले में गिरकर घायल भी हो चुके थे और लगातार अनहोनी का डर बना रहता था। बरसात के दौरान पुलिया पर तीन-चार फीट तक पानी का बहाव रहता था, जिससे मार्ग भी कई दिनों तक बंद रहता था। पूर्व में इसी नाले में तेज बहाव के दौरान जेसीबी सहित तीन लोग बह गए थे, जिनमें एक मजदूर की मृत्यु हो गई थी।
इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित हुआ। जनहित को देखते हुए विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए यहां उच्च क्षमता की पुलिया निर्माण कार्य शुरू करवा दिया है। पुलिया के निर्माण के बाद इस मुख्य मार्ग से आवागमन करने वाले राहगीरों, गणेश कॉलोनी एवं बांसी क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों ने समस्या उठाने पर आभार व्यक्त किया है।

Comment List