असर खबर का : 12 घंटे में टूटा नाला हुआ दुरुस्त, राहगीरों और वाहन चालकों को राहत
राहगीरों और वाहन चालकों को मिली राहत
अरनेठा। जनसमस्या को प्रमुखता से उठाने के बाद प्रशासन की त्वरित कार्रवाई का असर अरनेठा में देखने को मिला। बस स्टॉप के पास छोटी नहर के समीप करीब एक माह से टूटा पड़ा नाला खबर प्रकाशित होने के बाद महज 12 घंटे में दुरुस्त कर दिया गया। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिली है। नाला क्षतिग्रस्त होने से सड़क पर बड़ा गड्डा बन गया था। इस मार्ग से प्रतिदिन दर्जनों गांवों के सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। ऐसे में हादसे की आशंका बनी रहती थी। ग्रामीणों का कहना था कि समस्या लंबे समय से होने के बावजूद समाधान नहीं हो पा रहा था।
जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव के संज्ञान में आने के बाद संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके बाद अधिकारियों ने मौके की स्थिति का जायजा लेकर नाले की मरम्मत कराई। करीब एक महीने से बनी समस्या का इतनी कम अवधि में समाधान होने से ग्रामीणों ने राहत जताई। ग्रामीणों का कहना है किजनसमस्याओं को सामने लाना समाधान की दिशा में पहला कदम है। समाचार माध्यम जनता और प्रशासन के बीच सेतु की भूमिका निभाते हैं। समय रहते छोटी समस्याओं पर ध्यान दिया जाए तो बड़े हादसों को टाला जा सकता है। नाले की मरम्मत के बाद ग्रामीणों ने जिला प्रशासन की तत्परता की सराहना करते हुए क्षेत्र की अन्य लंबित समस्याओं के भी जल्द समाधान की उम्मीद जताई।

Comment List