वार्ड समस्या : 9 महीने से रुका नाला निर्माण, स्थानीय लोग परेशान, प्रशासन पर लापरवाही के आरोप
बारिश का हवाला देकर जून में किया बंद
टूटी पुलिया और खुले नाले से हादसों का खतरा, प्रशासन बेपरवाह।
बूंदी। नैनवां रोड स्थित महावीर कॉलोनी और शास्त्री नगर क्षेत्र में पिछले 9 महीनों से रुका नाला निर्माण कार्य आमजन के लिए गंभीर समस्या बन गया है। जैतसागर तालाब से निकलने वाले करीब 6 किलोमीटर लंबे नाले का निर्माण कार्य अधर में लटका होने से क्षेत्रवासियों का जीवन मुश्किलों से घिर गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, अप्रैल 2025 में शुरू हुआ यह कार्य जून में बारिश का हवाला देकर बंद कर दिया गया था, जो अब तक दोबारा शुरू नहीं हो सका। निर्माण कार्य अधूरा रहने से नाले पर बनी मुख्य पुलिया पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे मार्ग संकरा और खतरनाक बन गया है। आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं, हाल ही में एक बुजुर्ग और एक बच्चा चोटिल हो चुके हैं।
क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध का भी गंभीर संकट पैदा हो गया है। सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से लोग मजबूरी में कचरा नाले में डाल रहे हैं, जिससे बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन के कारण गंदा पानी पेयजल में मिल रहा है। क्षेत्रवासियों ने नगर परिषद और RUIDP विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
नगर परिषद और RUIDP के अधिकारी कुंभकर्णी नींद सो रहे हैं। नाले के काम के नाम पर हमारे घर तोड़ दिए गए और अब आधी-अधूरी पुलिया छोड़कर हमें मरने के लिए छोड़ दिया गया है। क्या प्रशासन किसी बड़ी जनहानि का इंतजार कर रहा है?
-अब्दुल सलीम, स्थानीय निवासी, वार्ड संख्या 55
रास्ता इतना संकरा और खतरनाक हो चुका है कि रात के समय यहां से गुजरना मौत को गले लगाने जैसा है। हमने कई बार मौखिक और लिखित शिकायतें कीं, लेकिन ठेकेदार और अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही।
- अमन, वार्डवासी, महावीर कॉलोनी क्षेत्र
क्षेत्रवासियों को हो रही परेशानी को लेकर मैं पूरी तरह गंभीर हूँ। पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण आवागमन में दिक्कत आ रही है, यह सही है। मैंने इस संबंध में नगर परिषद और RUIDP के उच्च अधिकारियों से कई बार वार्ता की है। निर्माण कार्य की फाइल प्रक्रिया में है और हमारी कोशिश है कि कार्य जल्द से जल्द प्रगति पर आए और पुलिया का निर्माण पूर्ण कराया जाए ताकि जनता को राहत मिल सके।
-बेबी तरन्नुम, पार्षद वार्ड संख्या 55
जैत सागर नाला परियोजना के अंतर्गत इस क्षेत्र का कार्य हमारी प्राथमिकता में है। तकनीकी कारणों और पिछले दिनों हुई बाधाओं की वजह से काम में कुछ देरी हुई है, लेकिन अब कार्य प्रगति पर है। हमने संबंधित ठेकेदार को निर्देशित कर दिया है। जल्द ही क्षतिग्रस्त पुलिया का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा ताकि आमजन को आवागमन में कोई असुविधा न हो।"
-दीप्ति जैन, अधिशाषी अभियंता , RUIDP, बूंदी

Comment List