नदी में बही कार,चार की मौत,पांच को बचाया : वर्षों से टूटी पुलिया पार करने से हुआ हादसा
सवाई भोज मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे
राशमी। चित्तौड़गढ़ जिले के राशमी उपखंड क्षेत्र मे सोमी-उपरेडा मार्ग के बीच बनास नदी में मंगलवार देर रात्रि को एक कार बह गई। इसमें एक ही परिवार के 9 जने सवार थे। हादसे में चार जनों की डूबने से मृत्यु हो गई। जबकि पांच जनों को सुरक्षित बचा लिया गया। बहाव में डूबे 4 में से 3 जनों के शव बाहर निकाल लिए गए, लेकिन एक मासूम के शव की तलाश में सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ की टीमें देर शाम तक जुटी रहीं। घटना की वजह गूगल मैप के बताए रास्ते पर चलने के रूप में सामने आई है। घटना के बाद कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर, कलक्टर आलोक रंजन, जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे।
सवाई भोज मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे
जानकारी के अनुसार भूपालसागर थाना क्षेत्र के कानाखेड़ा गांव निवासी मदन (25) पुत्र देवीलाल, हितेश (16) पुत्र सोहन, लीला (18) पत्नी देवीलाल, नौ माह का काव्यांश पुत्र मदन एवं आयांश पुत्र देवीलाल, चंदा (21) पत्नी हेमराज, ममता (25) पत्नी मदन, खुशी (04) पुत्री मदन, रूत्वी (06) पुत्री हेमराज मंगलवार को भीलवाड़ा जिले के सवाई भोज मंदिर में दर्शन कर कार से वापस गांव लौट रहे थे, लेकिन देर रात रास्ता भटककर सोमी गांव पहुंच गए। वहां ग्रामीणों ने उन्हें पुलिया की तरफ जाने से रोका और बताया कि मातृकुंडिया बांध के गेट खुलने के कारण बनास नदी में पानी का तेज बहाव है, लेकिन चालक उनकी बात अनसुनी कर गूगल मैप के बताए रास्ते पर चलने लगा। लोकेशन उन्हें बनास नदी की कई सालों से बंद सोमी-उपरेड़ा पुलिया की ओर ले गई। पानी के बहाव के बीच चालक ने कार निकालने की कोशिश की, लेकिन वह उसमें बह गई।
अंधेरे ने रोका रेस्क्यू
घटना की सूचना पर थाना अधिकारी देवेन्द्र देवल, एएसआई सुभाष आदि मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार पर बैठे मदन, हितेश, लीला, काव्यांश व आयांश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन अंधेरा होने के कारण पानी में डूबे चार जनों का रेस्क्यू शुरू नहीं हो सका। बुधवार सुबह सिविल डिफेंस व एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू किया। वहीं स्थानीय युवाओं के सहयोग से चंदा, ममता व किशोरी खुशी के शव को बाहर निकाला, हालांकि रूत्वी का शव नहीं मिल पाया। राशमी हॉस्पीटल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे गए।

Comment List