प्रदेश में 16 हजार मरीजों को नि:शुल्क डायलिसिस, 1.17 लाख सेशन हुए
102 संस्थानों में सुविधा शुरू
जयपुर। प्रदेश में किडनी रोगियों को नि:शुल्क और नजदीक डायलिसिस सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयासों के तहत अब तक 16,003 मरीजों को 1,17,258 डायलिसिस सेशन की सुविधा दी जा चुकी है। इन सेवाओं का अनुमानित उपचार मूल्य करीब 21.11 करोड़ रुपए है। प्रधानमंत्री नेशनल डायलिसिस कार्यक्रम के तहत 35 जिला चिकित्सालयों में 149 मशीनें संचालित हैं। प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अगस्त तक 4,265 मरीजों को 31,675 निःशुल्क डायलिसिस सेशन दिए गए। वहीं, वर्ष 2025-26 में 11,738 मरीजों को 85,583 सेशन की सुविधा मिली। उन्होंने बताया कि बजट घोषणा 2022-23 के तहत प्रदेश के 182 चिकित्सा संस्थानों में हीमोडायलिसिस सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इनमें 102 संस्थानों में सुविधा शुरू हो चुकी है।
शेष संस्थानों में प्रशिक्षण चल रहा है और 30 सितंबर तक सुविधा शुरू करने का लक्ष्य है। सरकार सीएसआर के माध्यम से भी सेवाओं का विस्तार कर रही है। भरतपुर के नदबई और बालोतरा के सिवाना में हंस फाउंडेशन के सहयोग से डायलिसिस सुविधा संचालित है। सितंबर में 78 चिकित्सा संस्थानों में सुविधा शुरू करने की योजना है। भविष्य में सीएचसी स्तर तक सेवाओं का विस्तार करने पर भी जोर रहेगा।

Comment List