वनस्थली में ब्रिक्स महिला नेतृत्व शिखर सम्मेलन, 20 देशों की 120 महिला नेता होंगी शामिल
आयोजन 19 से 23 नवंबर तक
जयपुर। ब्रिक्स महिला नेतृत्व शिखर सम्मेलन-2026 का आयोजन वनस्थली विद्यापीठ परिसर में 19 से 23 नवंबर तक होगा। इसका आयोजन वनस्थली विद्यापीठ, भारत एवं यूरेशियन महिला मंच, रूस, रूसी संघ परिषद, सेनेज प्रबंधन समूह, रूस तथा ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रालयों के संयुक्त तत्वावधान में हो रहा है। सम्मेलन का केंद्र ब्रिक्स देशों में महिला नेतृत्व को बढ़ावा देना, आपसी समन्वय और वैश्विक व्यापार कूटनीति रहेगा। संघ परिषद समिति की प्रथम उपाध्यक्ष गैलिना कारेलोवा, ब्रिक्स महिला व्यापार गठबंधन के रूसी अनुभाग की अध्यक्ष अन्ना नेस्तेरोवा तथा रोस्सोत्रुद्निचेस्त्वो विभाग की लोक कूटनीति प्रमुख एकातेरिना तोरुबारोवा शिखर सम्मेलन की प्रमुख प्रतिनिधि हैं।
पांच दिन, पांच विषयगत सत्र- वनस्थली कृत्रिम बुद्धिमत्ता केंद्र के निदेशक प्रो. अंशुमान शास्त्री ने बताया कि विद्यापीठ विगत नौ दशकों से महिला नेतृत्व निर्माण और समावेशी व्यक्तित्व विकास में राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी है। उनके अनुसार इक्कीसवीं सदी में राजनीति, उच्च शिक्षा, विज्ञान, उद्यमिता, प्रशासन, सामाजिक विकास और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। इसके बावजूद अवसरों में असमानता, आर्थिक संसाधनों तक सीमित पहुंच, डिजिटल विभाजन, निर्णय-निर्माण में अपर्याप्त प्रतिनिधित्व और सामाजिक-सांस्कृतिक बाधाएं बड़ी चुनौतियां हैं। इनके समाधान, विचार-विमर्श, नीति निर्धारण और आपसी सहयोग के लिए पांच दिवसीय इस सम्मेलन में कुल 20 देशों की 120 ख्यातिप्राप्त महिला नेता भाग लेंगी। राजदूत, प्रभावशाली महिला नेता, शासकीय अधिकारी, उद्यमी, नीति निर्धारक, वैज्ञानिक और शिक्षाविद् सहित कुल 140 प्रतिनिधि तथा 2000 प्रतिभागी समानांतर सत्रों व पैनल चर्चाओं में शामिल होंगे। 19 नवंबर को स्वागत, 20 नवंबर को उद्घाटन, 20 से 22 नवंबर तक मुख्य सत्र और 23 नवंबर को समापन सत्र होगा। सत्र ब्रिक्स में महिला नेतृत्व, सांस्कृतिक संहिता व कोमल शक्ति, प्रौद्योगिकी व डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना नवाचारए स्थिरता व परिवर्तन तथा शासन व व्यापार विषयों पर होंगे। ब्रिक्स देशों की संयुक्त जनसंख्या विश्व की लगभग 49 से 50 प्रतिशत और संयुक्त जीडीपी लगभग 39.8 से 42.1 प्रतिशत है। आयोजकों के अनुसार सहयोग, उद्यमिता, शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान और सांस्कृतिक संवाद के जरिए युवा महिलाओं को नए अवसर मिलेंगे। सम्मेलन ठोस कार्ययोजनाओं, संस्थागत साझेदारियों और दीर्घकालीन सहयोग पर केंद्रित रहेगा।

Comment List