235 पदक विजेता खिलाड़ियों को मिलेगी सरकारी नौकरी, नियुक्ति प्रस्ताव मंजूर
राज्य स्तरीय समिति की सातवीं बैठक में 286 आवेदनों पर हुई चर्चा
जयपुर। राज्य सरकार ने 235 सामान्य एवं पैरा पदक विजेता खिलाड़ियों को विभिन्न विभागों में आउट ऑफ टर्न नियुक्तियां देने के प्रस्तावों को मंजूरी दी है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में सचिवालय में आयोजित राज्य स्तरीय समिति की सातवीं बैठक में यह निर्णय किया गया। बैठक में 286 नए आवेदनों पर विचार किया गया, जिनमें से 235 खिलाड़ियों के नियुक्ति प्रस्ताव स्वीकृत किए गए। सरकार के अनुसार दिसंबर 2023 से अब तक 187 पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार खिलाड़ियों को उनकी खेल उपलब्धियों के अनुरूप सम्मान और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।
डीएसपी से कांस्टेबल तक के पदों पर नियुक्ति :
समिति ने तीन श्रेणियों के पदों पर नियुक्तियों को मंजूरी दी। श्रेणी-ए में 9 खिलाड़ियों को पुलिस उप अधीक्षक (डीएसपी) के पद पर नियुक्ति देने के प्रस्ताव स्वीकृत किए गए। श्रेणी-बी में 2 खिलाड़ियों को आबकारी विभाग में पेट्रोलिंग आॅफिसर ग्रेड-द्वितीय तथा राजस्थान पुलिस में उप निरीक्षक के पद पर नियुक्ति की मंजूरी दी गई। वहीं श्रेणी-सी में 224 खिलाड़ियों को लिपिक ग्रेड-द्वितीय, कांस्टेबल, आबकारी विभाग में सिपाही एवं आबकारी आरक्षक तथा उप जेलर के पदों पर नियुक्ति देने के प्रस्ताव स्वीकृत हुए। इनमें 73 पैरा खिलाड़ी शामिल हैं।
लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से होगा निस्तारण :
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को पात्र खिलाड़ियों के खेल प्रमाण पत्रों के सत्यापन, लंबित प्रकरणों और पदस्थापन से जुड़ी बाधाओं का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। बैठक में वन विभाग में पूर्व में पदस्थापित खिलाड़ियों को नियमों में एकबारीय छूट देने और आवश्यकता के अनुसार अन्य विभागों में समायोजित करने का निर्णय लिया।

Comment List