जयपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, विशेष अभियान में 313 अपराधी गिरफ्तार
विशेष गश्त कर कानून-व्यवस्था का गहन निरीक्षण
जयपुर। पुलिस कमिश्नरेट जयपुर पुलिस समेत अन्य जांच एजेसियों ने गुरुवार को पूरे आयुक्तालय क्षेत्र में विशेष एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया। पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल और विशेष पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश के सुपरविजन में चलाए अभियान के तहत जयपुर उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच, अपराधियों के संभावित ठिकानों पर दबिश, हिस्ट्रीशीटरों और हार्डकोर अपराधियों का सत्यापन, गैंग सदस्यों की निगरानी तथा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की। सार्वजनिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों में विशेष गश्त कर कानून-व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। अभियान के लिए चारों पुलिस उपायुक्तक्षेत्रों में डीसीपी के पर्यवेक्षण तथा एडीसीपी एवं सहायक पुलिस आयुक्तों के निर्देशन में थाना प्रभारियों के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की।
विशेष अभियान में 313 अपराधियों को गिरफ्तार किया जबकि एक गैंग सदस्य के विरुद्ध भी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान 14 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें आबकारी अधिनियम के 10, आर्म्स एक्ट का 1, एनडीपीएस एक्ट का 1 तथा आरएनसी एक्ट के 2 प्रकरण शामिल हैं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 173 पव्वे अवैध शराब बरामद की। इसके अलावा धारा 170 बीएनएसएस के तहत 54 व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की। न्यायालयों से लंबित 12 स्थायी वारंटों का निस्तारण तथा 10 गिरफ्तारी वारंटों की तामील कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।

Comment List