जयपुर के ‘राज मंदिर’ में फ्री दिखाई जाएंगी 5 ब्लॉकबस्टर फिल्में
सदाबहार फिल्मों की स्क्रीनिंग बिल्कुल मुफ्त
गुलाबी नगरी की पहचान और देशभर में ‘द शो प्लेस ऑफ द नेशन’ के नाम से मशहूर ऐतिहासिक राज मंदिर सिनेमा अब अपने गौरवशाली सफर के 50 वर्ष पूरे करने जा रहा । पांच दशकों से सिने प्रेमियों के दिलों पर राज कर रहे इस प्रतिष्ठित थिएटर की गोल्डन जुबली को यादगार बनाने के लिए राज मंदिर प्रबंधन ने खास आयोजन की घोषणा।
जयपुर। गुलाबी नगरी की पहचान और देशभर में ‘द शो प्लेस ऑफ द नेशन’ के नाम से मशहूर ऐतिहासिक राज मंदिर सिनेमा अब अपने गौरवशाली सफर के 50 वर्ष पूरे करने जा रहा है। पांच दशकों से सिने प्रेमियों के दिलों पर राज कर रहे इस प्रतिष्ठित थिएटर की गोल्डन जुबली को यादगार बनाने के लिए राज मंदिर प्रबंधन ने खास आयोजन की घोषणा की है। 1 जून, रविवार को राज मंदिर में पूरे दिन बॉलीवुड की 5 आइकॉनिक और सदाबहार फिल्मों की स्क्रीनिंग बिल्कुल मुफ्त की जाएगी।
इनमें ‘चुपके चुपके’, ‘हम आपके हैं कौन..!’, ‘राम तेरी गंगा मैली’, ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ और ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ जैसी सुपरहिट फिल्में शामिल हैं। राज मंदिर का उद्घाटन 1 जून 1976 को तत्कालीन मुख्यमंत्री हरिदेव जोशी ने किया था। अपनी अनूठी वास्तुकला, भव्य इंटीरियर और शानदार सिनेमाई अनुभव के कारण यह थिएटर केवल जयपुर ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है। प्रबंधन के अनुसार सभी शो की एंट्री पूरी तरह फ्री रहेगी। राज मंदिर प्रबंधन ने कहा कि यह सिर्फ गोल्डन जुबली नहीं, बल्कि उन लाखों यादों का जश्न है, जो पिछले 50 वर्षों में इस थिएटर से जुड़ी हैं। एक जून को एक बार फिर दर्शकों को पुराने दौर के सिनेमा का वही सुनहरा एहसास मिलने वाला है।

Comment List