राजस्थान के बांधों में 53.03 फीसदी पानी, पिछले साल से 24 फीसदी कम
वर्तमान में 6,908.873 मिलियन घनमीटर पानी उपलब्ध
जयपुर। राजस्थान में मानसून के बीच बांधों में पानी की स्थिति में सुधार हुआ है, लेकिन पिछले वर्ष की तुलना में जलभराव अभी भी कम है। जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश के 693 बांधों की कुल भराव क्षमता 13,029.09 मिलियन घनमीटर है। इनमें वर्तमान में 6,908.873 मिलियन घनमीटर पानी उपलब्ध है, जो कुल क्षमता का 53.03 प्रतिशत है। पिछले वर्ष इसी तारीख को बांधों में 10,041.96 मिलियन घनमीटर यानी 77.07 प्रतिशत पानी था। रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में प्रदेश के बांधों में 199.78 मिलियन घनमीटर पानी की वृद्धि हुई है। कुल 693 बांधों में 209 बांध खाली हैं, जबकि 454 बांध आंशिक रूप से भरे हुए हैं। इनमें 30 बांध पूरी तरह भर चुके हैं। जोनवार स्थिति में कोटा क्षेत्र 66.34 प्रतिशत जलभराव के साथ सबसे आगे है। इसके बाद बांसवाड़ा में 54.86, जयपुर में 51.80 और उदयपुर में 42.51 प्रतिशत पानी है।
भरतपुर में 36.37 तथा जोधपुर क्षेत्र में सबसे कम 18.46 प्रतिशत जलभराव दर्ज किया गया है। प्रमुख बांधों में कोटा बैराज 97.42, राणा प्रताप सागर 69.73 और बीसलपुर बांध 68.63 प्रतिशत भरा है।

Comment List