राजस्थान के बांधों में 7683 एमसीएम पानी, पिछले 24 घंटे में 57.91 एमसीएम की बढ़ोतरी
जोनवार स्थिति में कोटा जोन सबसे आगे
जयपुर। राजस्थान में बारिश के बाद बांधों में पानी की आवक का सिलसिला जारी है। जल संसाधन विभाग की 5 सितंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश के कुल 693 बांधों की कुल भराव क्षमता 13,029.09 मिलियन घन मीटर है। इनमें वर्तमान में 7,683.08 मिलियन घन मीटर पानी उपलब्ध है, जो कुल क्षमता का 58.97 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में बांधों में 57.91 मिलियन घन मीटर पानी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जोनवार स्थिति में कोटा जोन सबसे आगे है। यहां 76.56 प्रतिशत पानी भरा है।
कोटा के बाद बांसवाड़ा में 60.46 प्रतिशत, जयपुर में 58.89 प्रतिशत, भरतपुर में 51.52 प्रतिशत, उदयपुर में 44.78 प्रतिशत और जोधपुर जोन में 17.52 प्रतिशत पानी उपलब्ध है। प्रमुख बांधों में राणा प्रताप सागर 72.30 प्रतिशत, कोटा बैराज 97.42 प्रतिशत, जवाहर सागर 74.12 प्रतिशत, माही बजाज सागर 61.12 प्रतिशत और बीसलपुर बांध 74.87 प्रतिशत भर चुका है। रिपोर्ट के अनुसार 693 बांधों में 62 पूरी तरह भरे हैं, जबकि 431 आंशिक रूप से भरे हुए हैं और 200 बांध खाली हैं।

Comment List