धनतेरस पर गणेश जी के दरबार में उमड़ा नए वाहनों का रेला, जयपुर में 10 हजार गाड़ियों की डिलीवरी का अनुमान
शोरूम से सीधे मोती डूंगरी गणेश मंदिर पहुंच रहे खरीदार
जयपुर। धनतेरस पर घर-आंगन में समृद्धि लाने के साथ ही नए वाहन खरीदने की परंपरा ने जयपुर के बाजारों में रौनक बढ़ा दी। शोरूम से नई कार और बाइक लेकर निकल रहे ग्राहक सबसे पहले प्रथम पूज्य मोती डूंगरी गणेश जी के दरबार में पहुंच रहे हैं। मंदिर के बाहर सुबह से ही नए वाहनों का ऐसा जमघट लगा कि जेएलएन मार्ग और मोती डूंगरी रोड पर चमचमाती गाड़ियों की कतारें नजर आने लगीं। कोई नई कार की पूजा कराने पहुंचा तो कोई इलेक्ट्रिक स्कूटर, पावर बाइक और एसयूवी के साथ गणेशजी का आशीर्वाद लेने आया। कारों के साथ ट्रक, ट्रैक्टर, पिकअप और लोडिंग वाहनों की भी विधि-विधान से पूजा की गई।
मंदिर परिसर के आसपास सुबह से ही वाहन मालिकों की आवाजाही बनी रही। श्रद्धालुओं ने नए वाहनों पर तिलक लगाकर स्वास्तिक बनाया और मोदक का भोग अर्पित किया। पूजा-अर्चना के बाद नए वाहनों को सड़कों पर उतारा गया। धनतेरस पर गणेशजी के दरबार में उमड़ी यह भीड़ शहर में वाहन खरीदारी के उत्साह की तस्वीर बयां कर रही थी।
जयपुर में 10 हजार वाहनों की डिलीवरी का अनुमान :
ऑटोमोबाइल कारोबार से जुड़े प्रेम मोटर्स के सीजीएम अरुण भास्कर के अनुसार धनतेरस पर जयपुर में विभिन्न कंपनियों के करीब 10 हजार वाहनों की डिलीवरी होने का अनुमान है। इनमें मारुति सुजुकी के लगभग 3500 वाहन शामिल हैं। इस बार जयपुर के ऑटोमोबाइल बाजार में पिछले साल की तुलना में करीब 10 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि वाहनों की मांग अच्छी रहने के बावजूद मारुति सुजुकी की ओर से कुछ मॉडलों की आपूर्ति कम रही। वहीं, बोनस का बिक्री पर कोई खास असर देखने को नहीं मिला। इसके बावजूद ग्राहकों के उत्साह और खरीदारी के रुझान से ऑटोमोबाइल कारोबार में तेजी बनी हुई है।

Comment List