साहिबजादों के बलिदान को समर्पित एक विशेष प्रदर्शनी : गौरव गाथा को पाठ्यक्रम में किया जाएगा शामिल, भजनलाल ने कहा- अत्याचार के आगे झुकने से किया इनकार
आने वाली पीढ़ी को इतिहास और राष्ट्रभक्ति से परिचित कराया जा सके
वीर बाल दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में सिख धर्म के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों—साहिबजादा जोरावर सिंह एवं साहिबजादा फतेह सिंह के अद्वितीय बलिदान, शौर्य और त्याग को समर्पित एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने संयुक्त रूप से किया।
जयपुर। वीर बाल दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में सिख धर्म के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों—साहिबजादा जोरावर सिंह एवं साहिबजादा फतेह सिंह के अद्वितीय बलिदान, शौर्य और त्याग को समर्पित एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने संयुक्त रूप से किया। दोनों नेताओं ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित चित्रों, ऐतिहासिक प्रसंगों और साहिबजादों के बलिदान से जुड़े तथ्यों का अवलोकन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी के चारों साहिबजादों ने अल्पायु में भी उन्होंने अत्याचार के आगे झुकने से इनकार कर अपने धर्म और मूल्यों की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि साहिबजादों के बलिदान की गौरव गाथा को प्राथमिक शिक्षा के पाठ्यक्रम में सम्मिलित किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ी को उनके इतिहास, त्याग और राष्ट्रभक्ति से परिचित कराया जा सके और बच्चों में नैतिक मूल्यों का विकास हो।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने अपने संबोधन में हिंदू–सिख एकता पर जोर देते हुए कहा कि दोनों धर्मों की मूल भावना, मूल्य और राष्ट्रप्रेम समान हैं। उन्होंने कहा कि जब समाज धर्म या मजहब के आधार पर विभाजित होता है, तो राष्ट्र को गंभीर नुकसान उठाना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि साहिबजादों की शहादत यह संदेश देती है कि राष्ट्रसेवा और धर्मरक्षा उम्र की मोहताज नहीं होती। सच्चे मूल्यों, साहस और दृढ़ संकल्प के साथ कोई भी अत्याचार के विरुद्ध खड़ा हो सकता है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, जयपुर सांसद मंजू शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Comment List