परीक्षा देने आए छात्र का स्कूल से अपहरण : बदमाशों ने बोलेरो में बेरहमी से पीटा, हाथ व अंगुलियां तोड़ीं; नाखून उखाड़े
बदमाशों के आगे असहाय रहे
केन्द्राधीक्षक भंवरलाल मायला ने बताया कि वे और एक स्टाफ सदस्य थाने से प्रश्नपत्र लेने गए थे। स्कूल में एक महिला स्टाफ सहित दो कर्मचारी मौजूद थे।
बाड़मेर। जिले के बीजराड़ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह 12वीं बोर्ड परीक्षा में राजनैतिक विज्ञान की परीक्षा देने आए छात्र को 3-4 बदमाश स्कूल परिसर से बोलेरो में डालकर ले गए। आरोप है कि गाड़ी में डंडों और बैट से छात्र को बेरहमी से पीटा, जिससे उसका एक हाथ और उसी हाथ की दो अंगुलियां फ्रैक्चर हो गईं, जबकि दो अंगुलियों के नाखून तक उखाड़ दिए गए। घटना सुबह करीब 8:15 बजे की बताई जा रही है। मारपीट के बाद बदमाश छात्र को स्कूल से करीब 8-9 किलोमीटर दूर सुनसान सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। घटना का वीडियो भी सोसल मीडिया में सामने आया है, जिसमें छात्र बचाओ-बचाओ चिल्लाता नजर आ रहा है। केन्द्राधीक्षक भंवरलाल मायला ने बताया कि वे और एक स्टाफ सदस्य थाने से प्रश्नपत्र लेने गए थे। स्कूल में एक महिला स्टाफ सहित दो कर्मचारी मौजूद थे। उन्होंने छात्र को बचाने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों के आगे असहाय रहे।
बोलेरो में डंडे और बैट से पिटाई
परिजनों के अनुसार, बदमाश छात्र को रामसर क्षेत्र के हिंडिया क्षेत्र में फेंककर भाग गए। छात्र के मुंह से खून बह रहा था। दाहिना हाथ और दो अंगुलियां टूुटी हुई हैं। दो अंगुलियों के नाखून भी उखाड़ दिए गए। फिलहाल छात्र का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने बताया
थानाधिकारी विशनाराम ने बताया कि 12वीं बोर्ड परीक्षा देने आए छात्र को स्कूल के अंदर से ही उठाया गया। चारों आरोपियों ने हाथ-पैर पकड़कर उसे बोलेरो में डाला और सुनसान जगह ले जाकर मारपीट की। मामले की गंभीरता को देख आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Comment List