पिछले पंचायती राज चुनावों का लेखा-जोखा : जिला परिषद में भाजपा का दबदबा, पंचायत समितियों में कांग्रेस आगे
तीन मुख्य चरणों में हुए थे 31 जिलों के चुनाव
जयपुर। राजस्थान में पिछले पंचायती राज चुनाव (2020-2021) के आंकड़ों का तुलनात्मक विश्लेषण बताता है कि ग्रामीण सत्ता की इस दौड़ में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे का मुकाबला रहा।
पहला चरण (दिसंबर 2020) 21 जिले : इस बड़े चरण में भाजपा का दबदबा रहा। जिला परिषद के 636 वार्डों में से भाजपा ने 353 और कांग्रेस ने 252 वार्ड जीते। वहीं, 222 पंचायत समितियों के 4,371 वार्डों में भाजपा को 1,989, कांग्रेस को 1,852, निर्दलीयों को 439, आरएलपी को 60, माकपा को 26 और बसपा को 5 वार्ड मिले। 21 में से 13 जिलों में भाजपा, 5 में कांग्रेस और 3 जिलों (बूंदी, डूंगरपुर, अजमेर) में निर्दलीय जिला प्रमुख बने।
दूसरा चरण (सितंबर 2021) 6 जिले : जयपुर, जोधपुर, भरतपुर, दौसा, सवाई माधोपुर और सिरोही में कांग्रेस ने वापसी की। जिला परिषद के 200 वार्डों में कांग्रेस को 99 और भाजपा को 90 सीटें मिलीं। दोनों दलों के 3-3 जिला प्रमुख बने, लेकिन 6 में से 5 जिलों में कांग्रेस के उप जिला प्रमुख निर्वाचित हुए। 78 पंचायत समितियों के 1,564 वार्डों में कांग्रेस ने 678, भाजपा ने 551, निर्दलीयों ने 284, आरएलपी ने 40 और बसपा ने 11 वार्ड जीते। प्रधान पद पर कांग्रेस के 50, भाजपा के 25 और आरएलपी का 1 प्रत्याशी विजयी रहा।
तीसरा चरण (दिसंबर 2021) 4 जिले :- कोटा, बारां, श्रीगंगानगर और करौली में जिला परिषद की 106 सीटों पर कांग्रेस ने 59 और भाजपा ने 35 सीटें जीतीं। 30 पंचायत समितियों के 568 वार्डों में कांग्रेस को 278 और भाजपा को 165 वार्ड मिले।
तीनों चरणों (31 जिलों) का कुल निचोड़ (अलवर व धौलपुर को छोड़कर) :
जिला परिषद : (कुल 942 वार्ड) भाजपा 478, कांग्रेस 410, निर्दलीय 23, अन्य व निर्विरोध 31
पंचायत समिति : (कुल 6,503 वार्ड) कांग्रेस. 2,808, भाजपा. 2,705, निर्दलीय 820, अन्य दल (आरएलपी, बसपा, माकपा आदि) 170
निर्दलीयों का असर : पंचायत समिति के 820 वार्ड जीतने वाले निर्दलीय और क्षेत्रीय दलों ने कई समितियों में प्रधान व उप प्रधान के चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाई।

Comment List