टेलीग्राम पर फर्जी नीट पेपर बेचकर लाखों की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
बड़े फर्जीवाड़ा नेटवर्क का खुलासा
भीलवाड़ा। देश की सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट के नाम पर फजीर्वाड़ा करने वाले एक बड़े नेटवर्क का भीलवाड़ा पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। आरोपी फर्जी और बोगस प्रश्न पत्र तैयार कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम के जरिए छात्रों को ऑनलाइन बेचकर मोटी रकम वसूल रहा था। प्रतापनगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देशन में प्रताप नगर थाना पुलिस ने इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस को गोपनीय इनपुट मिला था कि एक युवक परीक्षा को लेकर छात्रों में चल रही असमंजस की स्थिति का फायदा उठा रहा है और बोगस पेपर सोशल मीडिया पर बेच रहा है। पुलिस टीम ने गुरुवार देर रात न्यू पटेल नगर विस्तार स्थित एक मकान पर दबिश देकर आरोपी आकाश नामक युवक को रंगे हाथों दबोच लिया।
चला रहा था प्रॉक्सी टेलीग्राम अकाउंट
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से अपनी पहचान छिपाने के लिए वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहा था। वह प्रॉक्सी टेलीग्राम अकाउंट संचालित कर रहा था और उसने सोशल मीडिया पर कई ग्रुप्स बना रखे थे।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त, बैंक खातों की जांच शुरू
पुलिस ने मौके से फजीर्वाड़े में इस्तेमाल किए जा रहे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री जब्त की है। पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों, टेलीग्राम चैट्स और डिजिटल लेन-देन के रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि अब तक कितने परीक्षार्थी इस ठगी का शिकार बन चुके हैं और उसने कितने रुपये ऐंठे हैं।
विस्तृत अनुसंधान के बाद होगा खुलासा
टेलीग्राम के माध्यम से बोगस पेपर ऑनलाइन बेचे जाने की सूचना पर त्वरित कार्रवाई की गई है। आरोपी आकाश को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस मामले में विस्तृत अनुसंधान के बाद ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित आरोपियों का खुलासा हो सकेगा।

Comment List