अवैध पटाखों के कारोबार पर कार्रवाई : दो गोदामों से भारी मात्रा में माल बरामद, संचालक गिरफ्तार
बिना लाइसेंस भारी मात्रा में पटाखों का भंडारण
जयपुर। करधनी थाना पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो गोदामों से 2102 बड़े कार्टन पटाखे जब्त किए हैं। मामले में गोदाम संचालक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उपायुक्त पश्चिम प्रशांत किरण के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि वसंत विहार कॉलोनी स्थित दो बंद गोदामों में बिना लाइसेंस भारी मात्रा में पटाखों का भंडारण किया गया है। सूचना पर पुलिस टीम ने गोदाम संचालक विनोद कुमार अग्रवाल को मौके पर बुलाकर गोदाम खुलवाए।
तलाशी के दौरान कई कंपनियों के पटाखों से भरे 2102 बड़े कार्टन मिले। पूछताछ में संचालक पटाखों के भंडारण से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने विस्फोटक पदार्थ अधिनियम एवं बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत सभी पटाखों को जब्त कर लिया और गोदाम संचालक विनोद कुमार अग्रवाल (41) निवासी गणेश कॉलोनी, नारायणी धाम, झोटवाड़ा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चेतावनी दी है कि बिना लाइसेंस विस्फोटक पदार्थों की फैक्ट्री संचालित करने या पटाखों का अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी अप्रिय घटना की स्थिति में संचालकों पर गंभीर आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किए जा सकते हैं।

Comment List