एडवोकेट और साधुओं की कार टकराई : बाउंसरों ने अधिवक्ता को पीटा, वीडियो बना रहे होमगार्ड जवान को गाड़ी में डाला; DELETE करने के बाद छोड़ा
पीड़ित एडवोेकेट कुणाल शर्मा ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई
जयपुर के बनीपार्क में मामूली सड़क विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। चिंकारा कैंटीन के पास साधुओं के काफिले की कार एडवोकेट कुणाल शर्मा की गाड़ी से टकराई। आरोप है कि बाउंसरों ने हमला कर सिर फोड़ा और लूटपाट की। वीडियो बना रहे होमगार्ड को भी धमकाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर चार लोगों को राउंडअप किया।
जयपुर। बनीपार्क थाना इलाके में मंगलवार सुबह चिंकारा कैंटीन के पास मामूली सड़क विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। साधुओं की कार एक एडवोकेट की कार से टकरा गई, जिससे विवाद हो गया। दोनों पक्षों में जमकर लात-घूसे चले जिससे दोनों पक्ष के लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर एक गाड़ी जब्त कर चार लोगों को राउंडअप किया है। पीड़ित एडवोेकेट कुणाल शर्मा ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने बताया कि घटना सुबह करीब 10 बजे चिंकारा कैंटीन ट्रैफिक लाइट के पास हुई, जहां मानसरोवर निवासी एडवोकेट कुणाल शर्मा अपनी कार पार्क कर रहे थे। इसी दौरान मध्यप्रदेश नंबर की छह लग्जरी गाड़ियों का काफिला तेज रफ्तार से निकला, जिसमें से एक गाड़ी ने उनकी कार को टक्कर मार दी। आरोप है कि टक्कर के बाद जब एडवोकेट नीचे उतरे तो काफिले में सवार 5-6 बाउंसरों ने उन पर हमला कर दिया। बाउंसरों ने नुकीली वस्तुओं से वार कर उनका सिर फोड़ दिया और मोबाइल, कैश और सोने की चेन छीन ली।
बीच-बचाव करने आए लोगों के साथ भी धक्का-मुक्की की। घटना के दौरान पास स्थित अग्निशमन कार्यालय में तैनात होमगार्ड का जवान वीडियो बना रहा था। यह देख बाउंसरों ने उसे पकड़ लिया, धमकाते हुए जबरन गाड़ी में डाल लिया और वीडियो डिलीट करवाने के बाद छोड़ा। एसीपी (सदर) धर्मवीर सिंह के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया कि काफिला उज्जैन के किन्नर अखाड़ा महामंडलेश्वर काली नंद गिरी का बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकाबंदी कर कार्रवाई की।

Comment List