दिवाली पर हवाई किराए में गजब अंतर, मुंबई जाने के 8 हजार तो आने के 25 हजार रुपए
एयरलाइंस की दोहरी नीति से यात्रियों की जेब पर पड़ रही मार
जयपुर। दिवाली पर ट्रेनों में लंबी वेटिंग के चलते हवाई यात्रा का विकल्प चुनने वाले यात्रियों को एयरलाइंस की मनमानी का सामना करना पड़ रहा है। त्योहार पर हवाई किराए में सात गुना तक बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। हैरानी की बात यह है कि जयपुर से दूसरे शहरों में जाने के मुकाबले जयपुर आने का किराया तीन गुना तक अधिक है। मुम्बई, पुणे, अहमदाबाद और हैदराबाद से जयपुर आने वाली फ्लाइट्स के किराए सबसे ज्यादा हैं।
धनतेरस पर किराए में बड़ा अंतर: 6 नवंबर को मुम्बई से जयपुर आने के लिए 13 फ्लाइट उपलब्ध हैं, लेकिन किराया 16729 से 24185 रुपए तक है। इसके उलट जयपुर से मुम्बई जाने का किराया महज 7926 से 8389 रुपए है। हैदराबाद से जयपुर की चार फ्लाइट का किराया 13678 से 20450 रुपए है, जबकि जयपुर से हैदराबाद का किराया 9475 रुपए है। अहमदाबाद से जयपुर आने का किराया 18499 रुपए और जयपुर से जाने का 6874 रुपए है। पुणे से जयपुर का किराया 14386 से 16709 रुपए है, जबकि वापसी में 7828 रुपए देने होंगे। बेंगलूरु से जयपुर आने का किराया 15222 से 16894 रुपए और जयपुर से जाने का 8115 से 9801 रुपए है। चेन्नई से जयपुर की एक फ्लाइट का किराया 21099 रुपए है, जबकि जयपुर से चेन्नई का 12399 रुपए है।
दिल्ली, कोलकाता और गोवा से राहत: दिल्ली से जयपुर के लिए 6 नवंबर को आठ फ्लाइट उपलब्ध हैं। बस और ट्रेन के विकल्प अधिक होने से किराए में केवल 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। वहीं कोलकाता और गोवा से जयपुर आने का किराया 9 से 10 हजार रुपए के बीच है। ऐसे में मेट्रो शहरों में रहने वाले जयपुराइट्स को दिवाली पर घर आने के लिए इस बार ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ेगी।

Comment List