भारत की पहली एलएनजी संचालित ट्रेन को अमित शाह ने दिखाई हरी झंडी, साबरमती में 700 करोड़ के डब्ल्युएजी-12 लोकोमोटिव मेंटेनेंस शेड का लोकार्पण
404 किमी रेलखंड पर कवच और 122.57 किमी पर ऑटोमेटिक सिग्नलिंग का शुभारंभ
जयपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने साबरमती में विभिन्न रेल परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास एवं शुभारंभ किया। उन्होंने भारत की पहली एलएनजी संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाई और 700 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित डब्ल्युएजी-12 साबरमती लोकोमोटिव मेंटेनेंस शेड राष्ट्र को समर्पित किया। डब्ल्युएजी-12 की ट्विन-सेक्शन क्षमता 12000 हॉर्सपावर है, जिससे भारी और लंबी मालगाड़ियों का संचालन अधिक प्रभावी होगा। साबरमती-साणंद-जखवाड़ा तथा साबरमती-कलोल-भांडू मोटीदाऊ रेलखंड पर 122.57 किमी में ऑटोमेटिक ब्लॉक सिग्नलिंग प्रणाली का लोकार्पण किया गया। अहमदाबाद-पालनपुर के 157 किमी और अहमदाबाद-सामाखियाली के 247 किमी, कुल 404 किमी रेलखंड पर करीब 411 करोड़ रुपए की लागत से कवच प्रणाली का शिलान्यास हुआ। साबरमती-सरखेज रेल लाइन के दोहरीकरण की आधारशिला भी रखी गई।
पर्यावरण और ऊर्जा दक्षता की ओर कदम :
अमित शाह ने कहा कि एलएनजी ट्रेन पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा दक्षता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। रेलवे का 99.6 प्रतिशत नेटवर्क विद्युतीकृत हो चुका है। 2015-16 में 293 करोड़ लीटर डीजल खपत के मुकाबले 2024-25 में यह घटकर 108 करोड़ लीटर रह गई है। 2030 तक डीजल खपत शून्य करने का लक्ष्य है। आधुनिक लोकोमोटिव की लागत का करीब 94 प्रतिशत हिस्सा देश में निर्मित हो रहा है। कि गुजरात का रेलवे बजट 2026-27 में 17366 करोड़ रुपए हो गया है।
यात्री और माल परिवहन क्षमता बढ़ेगी :
अहमदाबाद मंडल के डीआरएम वेद प्रकाश ने कहा कि डब्ल्युएजी-12 शेड और नई सिग्नलिंग-कवच प्रणालियां माल एवं यात्री परिवहन क्षमता बढ़ाएंगी। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी, राज्य मंत्री दर्शनाबेन वाघेला, सांसद हसमुखभाई पटेल, महापौर हितेशभाई बारोट, विधायक हर्षदभाई पटेल, अमितभाई शाह, अमितभाई ठाकर, जितेंद्रभाई पटेल, कौशिकभाई जैन, दिनेश कुशवाह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Comment List