राजस्थान विधानसभा के 75वें वर्ष का अमृत महोत्सव, पूर्व-वर्तमान विधायकों का होगा सम्मान
7 विधानसभा के पूर्व स्पीकर्स भी होंगे सम्मानित
जयपुर। राजस्थान विधानसभा के गौरवशाली 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे अमृत महोत्सव का शुभारंभ 15 जुलाई को विधानसभा भवन में होगा। विधानसभा अध्यक्ष ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि यह केवल एक समारोह नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक परंपराओं, विधायी विरासत और राजस्थान के विकास की 75 वर्ष की यात्रा का उत्सव होगा। अमृत महोत्सव के अंतर्गत एक वर्ष तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि उद्घाटन सत्र में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि होंगे, जबकि समापन समारोह में भारत के उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित अनेक विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहेंगे। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और अन्य राष्ट्रीय नेताओं को भी विभिन्न आयोजनों के लिए आमंत्रित किया गया है।
15 जुलाई को आयोजित पहले कार्यक्रम में पहली से लेकर 16वीं विधानसभा तक के पूर्व एवं वर्तमान सदस्यों का विशाल सम्मेलन होगा। इसमें लोकतंत्र की ऐतिहासिक यात्रा, विधायी परंपराओं, सदन की गरिमा, डिजिटल रूपांतरण तथा लोकतांत्रिक चुनौतियों पर मंथन किया जाएगा। संसदीय एवं संविधान विशेषज्ञों के विशेष सत्र भी आयोजित होंगे। समारोह के दौरान राजस्थान विधानसभा में विभिन्न कालखंडों में पारित 23 महत्वपूर्ण एवं जनहितैषी कानूनों पर चर्चा होगी। इनमें भूमि सुधार, जमींदारी उन्मूलन, पंचायत राज, लोकायुक्त, कृषि सुधार, शिक्षा, सूचना का अधिकार, वित्तीय उत्तरदायित्व, लोक सेवाओं की गारंटी, गिग वर्कर्स कल्याण, कोचिंग सेंटर विनियमन तथा विधि विरुद्ध धर्म-संपरिवर्तन प्रतिषेध जैसे महत्वपूर्ण कानून शामिल हैं। इन विषयों पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, पूर्व उपाध्यक्ष, पूर्व मंत्री और वरिष्ठ जनप्रतिनिधि अपने अनुभव साझा करेंगे। अमृत महोत्सव के अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्षों, पूर्व उपाध्यक्षों, छह या उससे अधिक बार विधायक रहे पूर्व जनप्रतिनिधियों तथा वर्तमान वरिष्ठ विधायकों का सम्मान भी किया जाएगा।
सम्मानित होने वालों में पूर्व अध्यक्ष शांतिलाल चपलोत, सुमित्रा सिंह, दीपेंद्र सिंह शेखावत, कैलाश चंद मेघवाल और डॉ. सी.पी. जोशी सहित अनेक वरिष्ठ नेता शामिल हैं। वहीं वर्तमान विधायकों में कालीचरण सराफ, अशोक गहलोत, वसुंधरा राजे, डॉ. किरोड़ी लाल, मदन दिलावर और अन्य वरिष्ठ विधायकों को भी सम्मानित किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह अमृत महोत्सव लोकतंत्र के इतिहास, वर्तमान और भविष्य को जोड़ने वाला राष्ट्रीय आयोजन होगा, जिसमें अनुभव, परंपरा, नवाचार, महिला और युवा शक्ति का समन्वय देखने को मिलेगा। समारोह का सीधा प्रसारण राजस्थान विधानसभा के यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा। उन्होंने मीडिया से इस ऐतिहासिक आयोजन को व्यापक रूप से जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग का आग्रह भी किया।

Comment List