आधुनिक भारतीय कला के 65 से अधिक दिग्गज कलाकारों की कलाकृतियों का होगा प्रदर्शन, कई प्रतिष्ठित कलाकारों की कला होगी शोकेस
‘वर्चुओसिटी’ में दिखेंगी दिग्गज कलाकारों की कृतियां
जयपुर। आधुनिक भारतीय कला की समृद्ध विरासत और दिग्गज कलाकारों की कलात्मक उपलब्धियों का उत्सव मनाया जाएगा, मौका होगा आईसीए गैलरी की वार्षिक प्रदर्शनी ‘वर्चुओसिटी’ के भव्य आयोजन का। शनिवार को सी-स्कीम स्थित आईसीए गैलरी में हो रही इस प्रदर्शनी में आधुनिक भारतीय कला के 65 से अधिक प्रतिष्ठित कलाकारों से जुड़ी कलाकृतियों को प्रस्तुत किया जाएगा, जो कला प्रेमियों को भारतीय कला की विविध शैलियों, विचारों और अभिव्यक्तियों से रूबरू होने का अवसर देंगी।
प्रदर्शनी में एम.एफ. हुसैन, एस.एच. रज़ा, एफ.एन. सूज़ा, भूपेन खख्खर, जोगेन चौधरी, के. लक्ष्मा गौड़, कृष्ण खन्ना, के.एच. आरा, टी. वैकुंठम, अंजोली इला मेनन, रामगोपाल विजयवर्गीय और नन्नू सिंह सहित कई प्रतिष्ठित कलाकारों की कला को शामिल किया गया है। ‘वर्चुओसिटी’ में आधुनिकतावादी कला की सशक्त अभिव्यक्तियों, विशिष्ट चित्रांकन शैलियों और भारतीय पहचान, संस्कृति तथा समाज की विविध व्याख्याओं को एक साथ देखने का अवसर मिलेगा। यह प्रदर्शनी आधुनिक भारतीय कला के विकास में इन कलाकारों के योगदान को रेखांकित करने के साथ-साथ देश की समृद्ध कलात्मक विरासत के प्रति समझ और सराहना को बढ़ावा देने का प्रयास है।

Comment List