भजनलाल ने संत गोविंद गुरु को किया श्रद्धापूर्वक नमन, बोले- उनके आदर्श समाज को देते रहेंगे प्रेरणा
सामाजिक चेतना और जनकल्याण के आदर्शों का स्मरण किया
शर्मा ने संत गोविंद गुरु की जन्मस्थली बांसिया पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि गोविंद गुरु ने जनजातीय समाज में शिक्षा, सामाजिक सुधार और स्वाभिमान की अलख जगाई। उनका जीवन राष्ट्रभक्ति और जनसेवा की प्रेरणा है। मुख्यमंत्री ने उनके आदर्शों पर चलकर समाज में जागरूकता और समरसता बढ़ाने का आह्वान किया।
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि उन्हें महान स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक एवं जनजागरण के अग्रदूत पूज्य संत गोविंद गुरु की जन्मस्थली बांसिया जाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस पावन भूमि पर पहुंचकर उन्होंने संत गोविंद गुरु को श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा उनके राष्ट्रभक्ति, सामाजिक चेतना और जनकल्याण के आदर्शों का स्मरण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत गोविंद गुरु जी ने जनजाति समाज में शिक्षा, सामाजिक सुधार और स्वाभिमान की अलख जगाकर जनजागरण का ऐतिहासिक कार्य किया। उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उन्होंने कहा कि संत गोविंद गुरु जी का त्याग, संघर्ष और राष्ट्रसेवा से परिपूर्ण जीवन हम सभी को समाज एवं राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा। मुख्यमंत्री ने उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में जागरूकता, शिक्षा और समरसता को बढ़ावा देने का आह्वान भी किया।

Comment List