टीबी मुक्त भारत अभियान में राजस्थान की बड़ी उपलब्धि, प्रदेश के सभी 361 ब्लॉकों में गठित हुई टीबी मुक्त भारत टीमें
आमजन और युवाओं की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक
जयपुर। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत राजस्थान ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश के सभी 361 ब्लॉकों में टीबी मुक्त भारत टीमों का गठन पूरा कर लिया है। इसके साथ ही, राजस्थान ने टीम गठन के निर्धारित लक्ष्य का 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है।
प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए सरकार के प्रयासों के साथ आमजन और युवाओं की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तर पर गठित इन टीमों में 1,805 माय भारत वॉलंटियर्स और 1,805 एनसीसी कैडेट्स को जोड़ा गया है।
ये युवा अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को टीबी के लक्षणों, समय पर जांच और नियमित एवं पूर्ण उपचार के प्रति जागरूक करेंगे। उन्होंने कहा कि टीबी की समय पर पहचान और पूरा इलाज बीमारी की रोकथाम में महत्वपूर्ण है। ऐसे में युवाओं की भागीदारी से टीबी उन्मूलन का संदेश गांव और ब्लॉक स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सकेगा।
राष्ट्रीय स्तर पर 67 प्रतिशत, राजस्थान ने पूरा किया 100 प्रतिशत लक्ष्य :
21 सितंबर 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार देशभर के 7,026 ब्लॉकों में से 4,686 ब्लॉकों में टीबी मुक्त भारत टीमों का गठन किया जा चुका है। राष्ट्रीय स्तर पर टीम गठन की उपलब्धि 67 प्रतिशत है। इसके मुकाबले राजस्थान के सभी 361 ब्लॉकों में टीमों के गठन के साथ प्रदेश ने 100 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की है।
राठौड़ ने कहा कि टीबी मुक्त राजस्थान के लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करने होंगे। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से टीबी के प्रति जागरूकता का संदेश अधिक प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाया जा सकेगा।

Comment List