1 साल में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई : 750 करोड़ से अधिक की ड्रग्स बरामद, एएनटीएफ की पहली वर्षगांठ पर 102 इनामी तस्कर गिरफ्तार
11 एमडी फैक्ट्रियां ध्वस्त
जयपुर। राजस्थान में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ गठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने एक साल में 707 कार्रवाई कर 750 करोड़ रुपए से अधिक के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। एएनटीएफ की पहली वर्षगांठ पर मुख्यालय में समारोह आयोजित हुआ। महानिरीक्षक विकास कुमार ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
एएनटीएफ ने एक साल में करीब 29 लाख रुपए के इनामी 102 फरार अपराधियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा। इनमें नारको-25 सूची के कुख्यात तस्कर शामिल हैं। टीमों ने राजस्थान के अलावा गुजरात, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, झारखंड, पश्चिम बंगाल, केरल और जम्मू-कश्मीर समेत नौ से अधिक राज्यों में कार्रवाई कर अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट पर शिकंजा कसा। फोर्स ने 11 अवैध एमडी फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ कर उनके संचालकों और तकनीकी विशेषज्ञों को पकड़ा। विशेष अभियानों के तहत सैकड़ों एकड़ में अवैध गांजा और अफीम की खेती नष्ट की। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों को सम्मानित किया गया। जयपुर रेंज को 32 टोकन व 116 नकद पुरस्कार, जोधपुर रेंज को 9 टोकन व 133 नकद पुरस्कार समेत अन्य रेंज को भी पुरस्कार दिए। वर्षगांठ पर 30 अधिकारियों-कर्मचारियों ने रक्तदान किया। एएनटीएफ को नई नेवी ब्लू ऑपरेशनल जैकेट दी।

Comment List