टैक्स डिफॉल्टर वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई : 20 ट्रक और 2 बसें जब्त, वाहनों को सीज कर बेचने की तैयारी
सभी वाहनों को टैक्स चोरी के मामले में जब्त कर लिया
आरटीओ प्रथम की बड़ी कार्रवाई में 20 ट्रक और 2 बसें जब्त की गईं। डीटीओ रमेश पांडे के नेतृत्व में चार टीमों ने टैक्स डिफॉल्टर वाहनों पर शिकंजा कसा। फाइनेंस कंपनी द्वारा बिक्री की तैयारी की सूचना पर तुरंत एक्शन लिया गया। अधिकारियों ने साफ किया—बिना बकाया टैक्स चुकाए कोई निस्तारण नहीं होगा। अभियान आगे भी जारी रहेगा।
जयपुर। आरटीओ प्रथम की टीम ने गुरुवार को टैक्स डिफॉल्टर वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 ट्रक और 2 बसों को जब्त कर लिया। यह कार्रवाई डीटीओ रमेश पांडे के नेतृत्व में चार टीमों द्वारा संयुक्त रूप से की गई। परिवहन विभाग को सूचना मिली थी कि बिना आरटीओ टैक्स चुकाए चल रहे इन वाहनों को फाइनेंस कंपनी द्वारा सीज कर बेचने की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही आरटीओ टीम मौके पर पहुंची और सभी वाहनों को टैक्स चोरी के मामले में जब्त कर लिया।
विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अब इन वाहनों का आगे किसी भी प्रकार का निस्तारण तभी संभव होगा, जब पहले लंबित आरटीओ टैक्स और अन्य देय राशि का पूरा भुगतान किया जाएगा। कार्रवाई में एमवीआई शालिनी सिंह, गौतम मिश्रा, टीकम मदान और प्रभात रंजन की अहम भूमिका रही। यह कार्रवाई परिवहन आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा के निर्देश पर आरटीओ राजेंद्र सिंह शेखावत की मॉनिटरिंग में की गई। विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि टैक्स चोरी करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

Comment List