सीकर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई : मंडी सचिव 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, जानें पूरा मामला
रणधीर सिंह को गिरफ्तार किया
सीकर एसीबी ने कृषि उपज मंडी अधिकारी रणधीर सिंह को दुकानों के लाइसेंस के बदले 40 हजार रुपए लेते रंगे हाथ पकड़ा। आरोपी अतिरिक्त सचिव और नीमकाथाना मंडी में अतिरिक्त चार्ज सचिव। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी।
जयपुर। सीकर एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कृषि उपज मंडी से जुड़े एक अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी रणधीर सिंह, जो सीकर मंडी में अतिरिक्त सचिव और नीमकाथाना मंडी में अतिरिक्त चार्ज सचिव के पद पर कार्यरत था, को दुकानों के लाइसेंस जारी करने के बदले 40 हजार रुपए लेते गिरफ्तार किया गया। एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर सीकर इकाई ने कार्रवाई करते हुए रणधीर सिंह को गिरफ्तार किया है।
आरोपी परिवादी के परिजनों के नाम चार दुकानों के लाइसेंस जारी करने के एवज में रिश्वत मांग रहा था। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने कुल 80 हजार रुपये की मांग की थी और परिवादी को लगातार परेशान कर रहा था। सत्यापन के बाद एसीबी टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। एसीबी जयपुर के उपमहानिरीक्षक अनिल कयाल के सुपरविजन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार के निर्देशन और पुलिस निरीक्षक सुभाष मील के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को 40 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

Comment List